शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:गोवर्धन पूजा पर निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा, खेकरा खेल में पशुओं ने दिखाई ताकत और फुर्ती – Rajasthan: Centuries-old Tradition Observed During Govardhan Puja
कोटा

राजस्थान:गोवर्धन पूजा पर निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा, खेकरा खेल में पशुओं ने दिखाई ताकत और फुर्ती – Rajasthan: Centuries-old Tradition Observed During Govardhan Puja

November 9, 2026


गोवर्धन पूजा पर कोटा, बूंदी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों ने पारंपरिक खेकरा खेल का आयोजन किया। इस खेल के जरिए पशुओं की ताकत, फुर्ती, तंदुरुस्ती और बछड़ों की रक्षा करने की क्षमता परखी जाती है।

Rajasthan: Centuries-old tradition observed during Govardhan Puja

गोवर्धन पूजा
– फोटो : instagram

विस्तार

दिवाली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुपालकों ने अपनी पारंपरिक परंपरा निभाते हुए ‘खेकरा’ खेल का आयोजन किया। इस अनूठे खेल के जरिये पशुपालक अपने पशुधन की शारीरिक ताकत, फुर्ती और तंदुरुस्ती का आकलन करते हैं। कोटा, बूंदी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में यह परंपरा बरसों से चली आ रही है।

परंपरा की शुरुआत और आयोजन

रवि गुर्जर पोसवाल ने जानकारी दी कि खेकरा खेल के आयोजन के लिए सबसे पहले एक बड़े मैदान या लंबे बाड़े में गांव के पशुओं को एकत्र किया जाता है। इसके बाद एक लकड़ी पर मृत बछड़े यानी पाड़े का चमड़ा बांध दिया जाता है। गुर्जर समाज के युवा पशुपालक इस लकड़ी को लेकर मैदान के बीच में खड़े होते हैं। चमड़े की गंध पाते ही पशु उसकी दिशा में तेजी से दौड़ पड़ते हैं।

पशुधन की जांच और युवाओं का उत्साह

रवि गुर्जर के अनुसार पशु उस चमड़े को अपने अधिकार में लेने या छुड़ाने के लिए पूरी ताकत लगाते हैं। इस प्रक्रिया में पशुओं की दौड़ने की गति, उनकी फुर्ती और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन होता है। पशुपालक भी अपने पशुओं को संभालने और नियंत्रित रखने के लिए उनके पीछे मैदान में दौड़ते हैं। इस भागदौड़ के दौरान कई बार युवा पशुपालक चोटिल भी हो जाते हैं। इसके बावजूद स्थानीय युवाओं में इस पारंपरिक खेल को लेकर अत्यधिक उत्साह बना रहता है।

ग्रामीण संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व

गांव के 85 वर्षीय बुजुर्ग दादा उदयराम पोसवाल ने बताया कि गुर्जर समाज की भैंसों और गायों के साथ खेकरा खेलने का यह रिवाज राजस्थान की प्राचीन पशुपालक संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस आयोजन में ग्रामीण अपने मवेशियों को उनके बछड़ों के साथ एक जगह इकट्ठा करते हैं। खेल के माध्यम से पशुओं के स्वाभाविक व्यवहार, उनके साहस और अपने बछड़ों की रक्षा करने की क्षमता को परखा जाता है।

दादा उदयराम पोसवाल के अनुसार प्राचीन काल में गाय और भैंस को किसी भी परिवार की मुख्य आर्थिक संपत्ति माना जाता था। दूध, दही, घी और खेती-किसानी के कार्यों में पशुधन की केंद्रीय भूमिका होती थी। पशुपालक अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगलों और खुले मैदानों में ले जाते थे, जहां हिंसक जानवरों से मवेशियों और उनके छोटे बछड़ों की सुरक्षा करना अत्यंत आवश्यक होता था। इसी सुरक्षात्मक आवश्यकता और ग्रामीण जीवन से जुड़ी मान्यताओं के कारण खेकरा जैसी सामाजिक परंपराएं विकसित हुईं, जो आज भी कोटा और आसपास के क्षेत्रों में पूरी निष्ठा के साथ निभाई जा रही हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X