राजस्थान:छोटे भाई को बचाने टैंक में उतरा बड़ा भाई, जहरीली गैस से दोनों की मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ – Tank-safai-me-jahrili-gas-se-do-bhaiyon-ki-maut-rampura
चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में मंगलवार रात टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। छोटा भाई राजू टैंक की सफाई करने उतरा था। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर बड़ा भाई रोशन उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। जहरीली गैस के असर से दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों भाइयों के गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान दौसा जिले की ग्राम पंचायत गादरवाड़ा गुजरान के रामपुरा निवासी रोशन (35) और उसके छोटे भाई राजू (31) पुत्र बद्री प्रसाद बैरवा के रूप में हुई है। दोनों भाई ठेकेदार के अधीन फैक्ट्री में टैंक की सफाई का काम करने गए थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां उठाने के लिए दोनों मजदूरी करते थे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह काम उनकी जिंदगी का आखिरी काम साबित होगा।
बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतारे मजदूर
हादसे में फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों और गैस की जांच किए ही गहरे टैंक में उतार दिया गया था। उन्हें न तो ऑक्सीजन मास्क दिए गए थे और न ही रस्सी व सेफ्टी बेल्ट का इंतजाम किया गया था। टैंक में जहरीली गैस की मौजूदगी की जांच भी नहीं की गई थी।
छोटे भाई को बचाने के लिए टैंक में उतरा बड़ा भाई
हादसे के दौरान सबसे पहले छोटा भाई राजू टैंक में सफाई के लिए उतरा था। उसके साथ मौजूद एक अन्य श्रमिक भी टैंक में उतरने लगा, लेकिन घबराहट महसूस होने पर वह तुरंत बाहर आ गया। काफी देर तक जब राजू बाहर नहीं आया तो उसका बड़ा भाई रोशन उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। जहरीली गैस के कारण दोनों भाई अंदर ही बेहोश हो गए। कुछ देर बाद साथी श्रमिक ने टैंक में झांककर देखा तो दोनों भाई अचेत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और दोनों को टैंक से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक साल पहले पिता की मौत, अब परिवार से छिना सहारा
दोनों भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब एक साल पहले ही उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी रोशन और राजू के कंधों पर थी। परिवार में उनकी मां, दोनों भाइयों की पत्नियां और एक छोटा भाई है। इसके अलावा रोशन के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अब उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
समाचार लिखे जाने तक दोनों भाइयों के शव गांव नहीं पहुंचे थे। गुरुवार तक शव गांव पहुंचने की संभावना जताई गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और फैक्ट्री प्रबंधन व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना सुरक्षा उपकरणों और गैस की जांच के मजदूरों को टैंक में उतारना गंभीर लापरवाही है। अब पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवजा मिलने के साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
