राजस्थान:लोहे की चादर तोड़कर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला की हत्या की, बहन से लूटे गहने – Rajasthan Chittorgarh Rashmi Bawlas Village Robbery Elderly Woman Murder Sister Jewellery Loot
November 16, 2026

प्रतीकात्मक तस्वीर
विस्तार
राशमी क्षेत्र के बावलास गांव में रविवार देर रात लूट की नीयत से एक घर में घुसे चार-पांच बदमाशों ने दो बुजुर्ग सगी बहनों पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने भगवानी की गला दबाकर हत्या कर दी और उनकी बहन लेहरी बाई से गहने लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है तथा मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है।
रस्सी के सहारे घर में घुसे
बावलास गांव में 60 वर्षीय भगवानी बाई अपनी सगी बहन लेहरी बाई के साथ लंबे समय से एक ही मकान में रह रही थीं। रविवार देर रात करीब 1:50 बजे दोनों बहनें घर में सो रही थीं। तभी चार से पांच बदमाश घर की छत पर लगी लोहे की चादर तोड़कर और रस्सी के सहारे अंदर उतर आए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले भगवानी को पकड़ लिया और उन्हें उठाकर कमरे के भीतर ले गए। वहां बदमाशों ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वे शोर न मचा सकें। इसके बाद लुटेरों ने उनके शरीर पर पहने सारे गहने उतार लिए। मुंह में कपड़ा जोर से ठूंसने और गला दबाने से भगवानी की मौके पर ही मौत हो गई।
‘मुझे जीना है, जो चाहिए ले लो’
जिस समय बदमाश भगवानी को कमरे में ले गए, उस दौरान लेहरी बाई घर के बाहर ही मौजूद थीं। बदमाशों का एक साथी लेहरी बाई के पास बैठ गया ताकि वे वहां से भाग न सकें और बचाओ की आवाज न लगा सकें। इसी बीच एक बदमाश ने लेहरी बाई को धमकाते हुए पूछा कि उन्हें मरना है या जीना है। खौफजदा होकर लेहरी बाई ने कहा कि उन्हें जीना है, जो चाहिए ले लो। इसके बाद बदमाशों ने उनके शरीर से भी सारे गहने उतरवा लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने लेहरी बाई के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर चोटें आई हैं। गहने लेने के बाद बदमाश दोनों बुजुर्ग महिलाओं को असहाय छोड़कर मौके से भाग निकले।
एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
बदमाशों के भागने के बाद आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों से सूचना मिलते ही गंगरार पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह और थानाधिकारी गहरी लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घायल लेहरी बाई को तुरंत इलाज के लिए राशमी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। साथ ही भगवानी के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार बदमाश केवल लूटपाट की मंशा से घर में दाखिल हुए थे। फिलहाल पुलिस आसपास के सभी इलाकों में बदमाशों की तलाश में जुटी है।
