रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:60 फर्मों के नाम पर 41-42 करोड़ का जीएसटी घोटाला, सीए के तीन सहयोगी गिरफ्तार; पुलिस ने दबोचा – ₹42 Crore Fake Gst Scam Exposed, Three Associates Of Ca Arrested
नागौर

राजस्थान:60 फर्मों के नाम पर 41-42 करोड़ का जीएसटी घोटाला, सीए के तीन सहयोगी गिरफ्तार; पुलिस ने दबोचा – ₹42 Crore Fake Gst Scam Exposed, Three Associates Of Ca Arrested

November 23, 2026


₹42 Crore Fake GST Scam Exposed, Three Associates of CA Arrested

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

विस्तार

राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में करोड़ों रुपये के फर्जी जीएसटी लेनदेन और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले का खुलासा हुआ है। डीडवाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) मोहम्मद एहसान कुरैशी के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 60 फर्मों के नाम पर 41 से 42 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन किए जाने की बात सामने आई है। मामले में कई ठेकेदारों, व्यापारियों और फर्म संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी उम्मेश गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी सहायता, आसूचना संकलन और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ऐसे किया जा रहा था करोड़ों का फर्जीवाड़ा

पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी सीए मोहम्मद एहसान कुरैशी विभिन्न फर्मों के जीएसटी पंजीकरण और दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी इनवॉइस तैयार करता था। जिन फर्मों के बीच वास्तव में माल की खरीद-बिक्री नहीं हुई थी, उनके बीच भी कागजों में करोड़ों रुपये का लेनदेन दर्शाकर इनवॉइस जीएसटी पोर्टल पर अपलोड किए जाते थे। इसके जरिए फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम कर लाभ उठाने का आरोप है। इस प्रक्रिया में फर्म संचालकों के साथ मिलकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ फर्मों की ई-मेल आईडी और पासवर्ड में बदलाव कर जीएसटी पोर्टल का नियंत्रण अपने पास रखने का प्रयास किया गया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, आठ मामले दर्ज

पुलिस ने इस मामले में पंकज शर्मा (35) निवासी मिठड़ी, रामपाल शर्मा (36) निवासी जैसलान और आसिफ कुरैशी (31) निवासी मारवाड़ बालिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस तरह की घटनाओं को लेकर अब तक कुल आठ प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस जीएसटी रिकॉर्ड, इनवॉइस, बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में करीब 60 फर्मों के नाम पर 41 से 42 करोड़ रुपये के कथित फर्जी लेनदेन का मामला सामने आया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, ठेकेदारों, व्यापारियों और फर्म संचालकों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। मामले में अनुसंधान जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X