रायपुर:बीजेपी आज मनायेगी ‘संविधान गौरव दिवस’, इधर कांग्रेस ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ में भरेगी हुकार – Raipur: Bjp ‘constitution Pride Day’ Today And Congress ‘save The Vote, Save The Constitution’ March
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज दो राजनीतिक कार्यक्रम होंगे। एक तरफ जहां बीजेपी ‘संविधान गौरव दिवस’ मनायेगी। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ निकालकर विरोध प्रदर्शन करेगी। बीजपी 26 नवम्बर को दोपहर तीन बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन रायपुर में ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन करेगी।
ये करेंगे शिरकत
इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे। आयोजन में मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय होंगे। वहीं मंत्री गजेंद्र यादव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर के विधायकगण राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा व मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, भाजपा रायपुर शहर व ग्रामीण जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर व श्याम नारंग (रायपुर ग्रामीण) उपस्थित रहेंगे।
प्रदेशभर में मनेगा संविधान दिवस
छत्तीसगढ़ में 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान दिवस’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जायेगा। सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों और संगठनों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन होगा। नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को माय गर्वनमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।
संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
युवाओं और विद्यार्थियों को 26 नवंबर 2026 तक MY Gov पोर्टल पर आयोजित संविधान प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विकसित भारत युवा संवाद में जिला युवा अधिकारियों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी रहेगी। स्कूल और कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
