रेत में कैसे बनी 163 मंजिलों वाली Burj Khalifa? तेज हवाएं भी नहीं हिला पातीं इमारत, जानिए मजबूती का राज!
दुबई का नाम आते ही सबसे पहले जिस इमारत की तस्वीर आंखों के सामने आती है, वह है बुर्ज खलीफा(Burj Khalifa). आसमान को छूती इस इमारत को देखकर शायद ही कोई सोच पाए कि इसे रेगिस्तान की रेतीली जमीन पर खड़ा किया गया है. करीब 828 मीटर ऊंची और 163 मंजिलों वाली यह इमारत दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है. दूर से देखने पर यह किसी विशाल शीशे के टावर जैसी लगती है, लेकिन इसके पीछे इंजीनियरिंग की ऐसी तकनीकें हैं, जिनके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस जमीन पर पैर रखते ही रेत धंसने लगती है, वहां इतनी भारी इमारत की मजबूत नींव कैसे तैयार की गई? तेज हवाओं और 50 डिग्री तक पहुंचने वाली गर्मी के बीच इसका निर्माण कैसे हुआ? आइए जानते हैं बुर्ज खलीफा से जुड़े कुछ ऐसे तथ्य, जो इसे दुनिया की सबसे खास इमारतों में शामिल करते हैं.
रेगिस्तान की जमीन पर कैसे तैयार हुई इतनी मजबूत नींव?
बुर्ज खलीफा को बनाने के दौरान इंजीनियरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इसकी नींव तैयार करना था. दुबई की जमीन रेतीली है और इतनी ऊंची इमारत का वजन संभालना कोई आसान काम नहीं था. ऐसे में इंजीनियरों ने एक खास तकनीक का इस्तेमाल किया. इमारत की नींव के लिए जमीन के अंदर 192 मजबूत कंक्रीट पाइल्स(Concrete Piles) लगाए गए. इन्हें करीब 43 मीटर की गहराई तक पहुंचाया गया. खास बात यह है कि ये पाइल्स किसी मजबूत चट्टान पर टिके हुए नहीं हैं, बल्कि रेत और मिट्टी के साथ होने वाले घर्षण की मदद से इमारत का भार संभालते हैं. इन पाइल्स के ऊपर करीब 3.7 मीटर मोटी कंक्रीट की परत तैयार की गई. इसे मैट फाउंडेशन कहा जाता है. इसका काम इमारत के भारी वजन को नींव के अलग-अलग हिस्सों में बराबर बांटना है, ताकि किसी एक जगह पर जरूरत से ज्यादा दबाव न पड़े. इस तरह रेगिस्तान की जमीन पर इतनी विशाल इमारत खड़ी करने का रास्ता तैयार हुआ.
फोटो: Instagram-@dubai_memoz
Y आकार की डिजाइन ने तेज हवाओं से बचाई इमारत
जितनी ऊंची इमारत होती है, उतना ही ज्यादा उस पर हवा का दबाव पड़ता है. तेज हवाएं किसी ऊंचे टावर को हिला सकती हैं. बुर्ज खलीफा के मामले में भी यह एक बड़ी चुनौती थी. अगर हवा का दबाव लगातार एक ही दिशा में पड़ता, तो इमारत की स्थिरता प्रभावित हो सकती थी. इस समस्या से निपटने के लिए इसकी डिजाइन Y आकार में रखी गई. इसके तीनों हिस्से इमारत को मजबूती देते है. जैसे-जैसे टावर ऊपर की ओर बढ़ता है, इसकी बनावट में बदलाव आता जाता है. इससे हवा का बहाव टूटता है और हवा के भंवर एक ही जगह पर लगातार असर नहीं डाल पाते.
इस तकनीक को ‘बट्रेस्ड कोर सिस्टम (Buttressed Core System)’ कहा जाता है. आसान भाषा में समझें तो इमारत के बीच का हिस्सा इसकी रीढ़ की तरह काम करता है और तीनों तरफ बने हिस्से उसे अतिरिक्त सहारा देते हैं. इसी डिजाइन की मदद से बुर्ज खलीफा तेज हवाओं का सामना करने में सक्षम है.
50 डिग्री की गर्मी में कंक्रीट डालना था बड़ी चुनौती
दुबई में गर्मियों के दौरान तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसी गर्मी में कंक्रीट डालना आसान नहीं होता. तेज गर्मी के कारण कंक्रीट जल्दी सूख सकता है, जिससे उसमें दरारें पड़ने का खतरा रहता है. अगर ऐसा होता, तो इमारत की मजबूती पर असर पड़ सकता था. इस परेशानी से बचने के लिए कंक्रीट में बर्फ मिलाई जाती थी, ताकि उसका तापमान नियंत्रित रहे और वह धीरे-धीरे सेट हो. इसके अलावा, निर्माण की रफ्तार बनाए रखने के लिए सेल्फ-क्लाइंबिंग फॉर्मवर्क तकनीक का इस्तेमाल किया गया. इस तकनीक की मदद से निर्माण के दौरान इस्तेमाल होने वाले ढांचे को बार-बार क्रेन से हटाने की जरूरत नहीं पड़ती थी. इसे ऊपर की ओर बढ़ाया जा सकता था. इसी व्यवस्था के कारण निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ा और कई बार हर तीन दिन में एक मंजिल का ढांचा तैयार किया गया.
फोटो: Instagram-@dubai_memoz/@dubai_tourism_company
606 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचाया गया कंक्रीट
बुर्ज खलीफा के निर्माण में एक और बड़ी चुनौती कंक्रीट को इतनी ऊंचाई तक पहुंचाना था. आमतौर पर किसी इमारत में कंक्रीट को ऊपर ले जाना आसान होता है, लेकिन जब ऊंचाई सैकड़ों मीटर हो, तो यह काम काफी मुश्किल हो जाता है. इस इमारत के निर्माण के दौरान खास पंपिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया गया, जिसकी मदद से कंक्रीट को करीब 606 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचाया गया. उस समय यह कंक्रीट पंपिंग के मामले में एक बड़ी उपलब्धि थी. इतनी ऊंचाई तक कंक्रीट पहुंचाने के लिए मशीनों के साथ-साथ दबाव और उसकी गुणवत्ता का भी खास ध्यान रखना पड़ा.
बुर्ज खलीफा के सबसे ऊपरी हिस्से पर लगा नुकीला ढांचा इसे एक अलग पहचान देता है. इसे स्पायर कहा जाता है. इसकी ऊंचाई और स्थिति ऐसी थी कि इसे सामान्य तरीके से क्रेन की मदद से लगाना बेहद मुश्किल था. ऐसे में इंजीनियरों ने एक अलग तरीका अपनाया. स्पायर के स्टील के हिस्सों को इमारत के अंदर ही असेंबल किया गया. इसके बाद हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से इसे धीरे-धीरे ऊपर की ओर खिसकाया गया. यह प्रक्रिया कुछ हद तक टेलिस्कोप की तरह काम करती थी. इस तरह इमारत के सबसे ऊपरी हिस्से को भी सफलतापूर्वक तैयार किया गया.
बुर्ज दुबई से बुर्ज खलीफा क्यों पड़ा नाम?
बुर्ज खलीफा से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा इसके नाम को लेकर भी है. शुरुआत में इस इमारत का नाम बुर्ज दुबई रखा गया था. लेकिन साल 2010 में इसके उद्घाटन के समय इसका नाम बदलकर बुर्ज खलीफा कर दिया गया. दरअसल, उस समय दुबई आर्थिक संकट से गुजर रहा था. ऐसे मुश्किल दौर में अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान ने दुबई को आर्थिक मदद दी थी. उनके सम्मान में इस इमारत का नाम बुर्ज खलीफा रखा गया. आज बुर्ज खलीफा सिर्फ दुबई की पहचान नहीं है, बल्कि दुनिया भर के इंजीनियरों के लिए एक बड़ी उपलब्धि का उदाहरण भी है. इसकी मजबूत नींव, खास डिजाइन और निर्माण में इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक बताती है कि सही योजना और मेहनत से मुश्किल से मुश्किल चुनौती को भी पार किया जा सकता है. रेगिस्तान की रेत पर खड़ी यह इमारत इस बात का शानदार उदाहरण है कि इंसान की कल्पना और इंजीनियरिंग मिलकर क्या कर सकती हैं.
