रेलवे ग्रुप डी भर्ती (सीईएन 08/2024) में कथित विसंगतियों और कटऑफ अंकों को लेकर चल रहा अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। अभ्यर्थियों की दिल्ली कूच की चेतावनी के बाद रेलवे बोर्ड हरकत में आ गया है। बोर्ड द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय समिति बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंची। यहां नवाब युसुफ रोड स्थित कोरल क्लब में अभ्यर्थियों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधा संवाद उनका चल रहा है।
इस दौरान कोरल क्लब के बाहर भी बड़ी संख्या में भर्ती पहुंचे हैं। दरअसल, रेलवे ग्रुप डी भर्ती में कथित विसंगतियों आदि को लेकर अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय पर दो दिनों तक जोरदार प्रदर्शन किया था। तब एनसीआर के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इसके बाद रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) प्रयागराज ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोटिस जारी कर स्पष्ट किया कि कोर्स कंप्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदनों को आवश्यक दिशा-निर्देश के लिए रेलवे बोर्ड भेज दिया गया है।
आरआरसी के इस नोटिस के बाद अभ्यर्थियों ने दिल्ली जाकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था, लेकिन उससे पहले ही रेलवे बोर्ड ने उच्च स्तरीय समिति गठित कर 26 नवंबर को प्रयागराज में ही वार्ता तय कर दी। फिलहाल कोरल क्लब में वार्ता शुरू हो चुकी है।