लग्न मुहूर्त:कब है देवोत्थान एकादशी? मांगलिक कार्यों के लिए बिहार में शुभ तिथियां जानें – Devotthan Ekadashi 2026 Date Shubh Lagn Muhurat After Dec Uthani Ekadashi Bihar News
छठ पूजा के खत्म होते ही शादी-विवाह का दौर शुरू होने जा रहा है। देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को है और इसी दिन से शादी के लग्न का दौर शुरू हो जाएगा। हिंदू धर्म में इस दिन का बेहद महत्व है। इसी दिन से शहनाई बजनी शुरू हो जाएगी और तमाम मांगलिक कार्य भी प्रारंभ हो जाएंगे। इस बार 20 नवंबर से वैवाहिक लग्न आरंभ हो जाएंगे, जो अगले 10 दिसंबर 2026 तक रहेंगे। इसके साथ ही 11 दिसंबर से विवाह का मुहूर्त भी समाप्त हो जाएगा।
नवंबर में सात लग्न, दिसंबर में छह शुभ तिथियां
मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध ज्योतिष पंडित प्रभात मिश्र ने ऋषिकेश पंचांग का हवाला देते हुए बताया कि 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी है। वहीं, नवंबर माह में कुल सात लग्न मुहूर्त हैं, जिनमें 19, 20, 24, 25, 26, 27 और 30 तारीख प्रमुख हैं। इसके बाद दिसंबर माह में कुल छह लग्न मुहूर्त हैं, जो 1, 2, 3, 4, 9 और 10 दिसंबर को हैं। दोनों माह को मिलाकर विवाह के लिए कुल 13 लग्न मुहूर्त हैं।
16 दिसंबर की रात धनु राशि में प्रवेश करेंगे सूर्य
इस वर्ष 20 नवंबर, शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह मनाया जाएगा। इसी के साथ समस्त वैवाहिक और मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। वहीं, 16 दिसंबर की रात्रि में सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे और इसी के साथ खरमास प्रारंभ हो जाएगा। इसके बाद विवाह के लग्न मुहूर्त के लिए नए वर्ष 2027 का इंतजार करना होगा। हालांकि, इस दौरान शादी-विवाह को छोड़कर अन्य सभी मांगलिक कार्य जारी रहेंगे।
अगले वर्ष 15 जनवरी से फिर शादी-विवाह के लग्न शुरू हो जाएंगे, जो होली से पहले तक रहेंगे। वर्ष 2027 में कुल 110 लग्न मुहूर्त हैं। इनमें कई दिन ऐसे होंगे, जो मांगलिक कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।

पंडित प्रभात मिश्र।
