रोहनिया और लठिया क्षेत्र में रविवार रात आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दरेखू गांव स्थित सेनेटरी पैड और डायपर के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, लठिया में कबाड़ की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। यहां लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। दोनों घटनाओं में फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा के अनुसार, अग्निशमन विभाग दोनों घटनाओं के कारणों की जांच कर रहा है।
रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू गांव में सिगरा निवासी अनूप सिंह का शिया एंटरप्राइजेज के नाम से गोदाम है। इसमें सेनेटरी पैड, डायपर समेत अन्य सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था। रविवार रात अचानक गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम से लपटें और धुआं उठता देखकर पास के गोदाम में तैनात गार्ड ने इसकी सूचना मालिक और पुलिस को दी।