विश्व शाकाहरी दिवस:पहाड़ का खान-पान बना सेहत का नया ग्लोबल ट्रेंड, मडुआ-झंगोरा की मांग 40 फीसदी बढ़ी – Mountain Cuisine Emerges As A New Global Health Trend; Demand For ‘madua’ And ‘jhangora’ Rises By 40 Percent
बदलते दौर की आधुनिक जीवनशैली में जहां पूरी दुनिया हृदय रोग, मोटापा और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से बचने के लिए प्लांट-बेस्ड डाइट (पौधों पर आधारित आहार) अपना रही है वहीं पर्वतीय क्षेत्र अल्मोड़ा का पारंपरिक खान-पान हमेशा से ही वीगन जीवनशैली के बेहद करीब रहा है। एक नवंबर को मनाए जाने वाले विश्व शाकाहारी (वीगन) दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्थानीय और पारंपरिक मोटे अनाजों को उत्तम स्वास्थ्य का आधार बताया है।
स्थानीय चिकित्सकों के अनुसार अल्मोड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सदियों से खाए जाने वाले पारंपरिक उत्पाद जैसे मडुआ (रागी), झंगोरा, गहत की दाल, भट्ट और स्थानीय हरी सब्जियां पूरी तरह से प्राकृतिक और पोषक तत्वों से भरपूर हैं। यह आहार बिना किसी डेयरी या पशु-उत्पाद के भी शरीर को पर्याप्त कैल्शियम, प्रोटीन और फाइबर प्रदान करता है जो दिल की बीमारियों और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक है। अल्मोड़ा के युवाओं और जागरूक नागरिकों में भी अब वीगन डाइट को लेकर रुझान बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर पर जैविक खेती को बढ़ावा मिलने से लोगों को रसायन-मुक्त शुद्ध शाकाहारी उत्पाद आसानी से मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यदि युवा पीढ़ी अपनी जड़ों की ओर लौटे और पारंपरिक कुमाऊंनी खान-पान को दैनिक जीवन में अपनाए तो कई गंभीर लाइफस्टाइल बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है। संवाद
पोषण का खजाना हैं ये पारंपरिक उत्पाद
पर्वतीय क्षेत्र के पारंपरिक मोटे अनाज और दालें पोषण के मामले में किसी भी आधुनिक सप्लीमेंट से बेहतर हैं। इसलिए इनकी मांग बढ़ गई है। युवाओं में इन उत्पादों के प्रति रुझान बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर पर जैविक उत्पाद विक्रेता मनोज कुमार का कहना है कि पिछले कुछ समय से मडुआ और झंगोरा की मांग में 30 से 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
• मडुआ (रागी): कैल्शियम और आयरन का बेहतरीन स्रोत जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और एनीमिया से बचाता है।
• झंगोरा: फाइबर से भरपूर और लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला अनाज जो डायबिटीज को नियंत्रित रखने में मददगार है।
• गहत और भट्ट की दाल: बिना किसी पशु-उत्पाद (डेयरी/मीट) के शरीर को भरपूर और उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन देती हैं।
• स्थानीय हरी सब्जियां: बिना रसायनों के उगने वाली ये सब्जियां विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का भंडार हैं।
प्लांट-बेस्ड डाइट अपनाने के मुख्य कारण
• दिल की सेहत: पशु-उत्पादों और डेयरी से दूरी बनाने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है और हार्ट अटैक का खतरा कम होता है।
• मोटापे से मुक्ति: फाइबर की अधिक मात्रा होने के कारण यह वजन को संतुलित रखने में सबसे ज्यादा मददगार है।
• पर्यावरण और जीव दया: वीगन जीवनशैली न सिर्फ सेहत सुधारती है बल्कि पशु क्रूरता को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देती है।
• लाइफस्टाइल बीमारियों से बचाव: ब्लड प्रेशर, थायराइड और क्रोनिक बीमारियों से बचने के लिए विशेषज्ञ अब इस पारंपरिक तरीके को सबसे मुफीद मान रहे हैं।
