गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
वैष्णो देवी जा रही नानी-धेवती की मौत:बुलंदशहर के परिवार की कार पंजाब में दुर्घटनाग्रस्त, दो की गई जान, 5 घायल – Car Belonging To A Family From Bulandshahr Meets With An Accident In Punjab Two Dead
बुलंदशहर

वैष्णो देवी जा रही नानी-धेवती की मौत:बुलंदशहर के परिवार की कार पंजाब में दुर्घटनाग्रस्त, दो की गई जान, 5 घायल – Car Belonging To A Family From Bulandshahr Meets With An Accident In Punjab Two Dead

November 19, 2026


Car belonging to a family from Bulandshahr meets with an accident in Punjab two dead

मृतकों की फाइल फोटो

विस्तार

माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे नगर के मोहल्ला दुर्गापुरम निवासी एक परिवार की कार बृहस्पतिवार तड़के पंजाब के होशियारपुर जिले में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में 55 वर्षीय महिला रजनी देवी व उनकी आठ वर्षीय धेवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे मृतका रजनी के दामाद उमेश, पुत्री नीशू समेत दंपती का एक वर्षीय पुत्र व दो अन्य बेटियां घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही तड़के परिजन होशियारपुर के लिए रवाना हो गए। देर रात तक शव बुलंदशहर पहुंचने की उम्मीद है। 

नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गापुरम निवासी 40 वर्षीय उमेश कुमार मूल निवासी गांव गंगाहरी बुधवार शाम करीब पांच बजे अपनी मारुति ब्रेजा कार से परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी नीशू, तीन बेटियां अंशी (10), सृष्टि (8), आरुषि (6), सबसे छोटा एक वर्षीय पुत्र और सास रजनी देवी (55) सवार थीं। पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब 4:50 बजे जब उनकी कार होशियारपुर जिले के मुकेरियां क्षेत्र में ऊंची बस्सी से मानसर मार्ग पर अड्डा ऐमा मांगट के नजदीक पहुंची, तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। 

हादसे में कार का दायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों की सूचना पर महज तीन मिनट के भीतर पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल मुकेरियां स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रजनी देवी और उनकी आठ वर्षीय धेवती सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए चालक उमेश कुमार, उनकी बेटी अंशी व आरुषि समेत अन्य को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। मुकेरियां पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर बुलंदशहर में परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही सुबह तड़के परिजन होशियारपुर के लिए रवाना हो गए। देर रात तक शवों और घायलों के बुलंदशहर पहुंचने की संभावना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X