शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
शहडोल:सूने मकान में घुसे नकाबपोश, लाखों के जेवर और नकदी समेत तिजोरी ही उखाड़ ले गए चोर – Masked Individuals Broke Into An Empty House And Made Off With A Safe Containing Jewelry And Cash Worth Lakhs
शहडोल

शहडोल:सूने मकान में घुसे नकाबपोश, लाखों के जेवर और नकदी समेत तिजोरी ही उखाड़ ले गए चोर – Masked Individuals Broke Into An Empty House And Made Off With A Safe Containing Jewelry And Cash Worth Lakhs

November 20, 2026


Masked individuals broke into an empty house and made off with a safe containing jewelry and cash worth lakhs.

सीसीटीवी में कैद चोर।

विस्तार

शहर की एमआर सिटी कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक सहायक प्राध्यापक के सूने मकान को निशाना बनाया और घर के अंदर रखी गोदरेज की तिजोरी ही उखाड़कर ले गए। तिजोरी में दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे। बदमाशों ने घर में दाखिल होने के बाद एक-एक कर कमरों के ताले तोड़े और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के तिजोरी ले जाते दिखाई देने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, जयकांत गुप्ता कन्या महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। 14 नवंबर को सुबह अपने मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। घर की देखरेख और सफाई के लिए एक नौकरानी को चाबी दे रखी थी। जब नौकरानी नियमित सफाई के लिए मकान पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

ये भी पढ़ें- फर्जी दस्तावेज पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को एटीएस ने उठाया, तंग गलियों में अलग नामों से छिपे हुए थे

इसके बाद जयकांत गुप्ता के मित्र और पड़ोसी मकान के अंदर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि नीचे के कमरे में रखी गोदरेज की तिजोरी गायब है। उसमें रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर भी चोर अपने साथ ले गए। मामले में फरियादी गोकुल प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

सोहागपुर थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि एमआर सिटी कॉलोनी में सूने मकान में चोरी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति एक बॉक्स ले जाते दिखाई दे रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X