महिला मित्र को मौत के घाट उतारकर उसका शव बुदनी के मिडघाट स्थित घने जंगल में फेंकने वाले आरोपी कृष्णकांत मालवीय को आखिरकार कानून के शिकंजे में कड़ी सजा मिली है। जून 2025 में सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड में विशेष न्यायालय (एट्रोसिटी), जिला सीहोर ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उसने धारदार हथियार और पत्थर से हमला कर अंकिता की निर्मम हत्या की थी। वारदात के बाद शव जंगल में छोड़कर सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई थी। अभियोजन के सशक्त साक्ष्यों और तर्कों के आधार पर अदालत ने आरोपी को उम्रकैद के साथ कुल 10,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
ट्रेकिंग के दौरान जंगल में मिला था सड़ चुका महिला का शव
मामला 15 जून 2025 का है। एनएच-46 बैतूल-भोपाल मार्ग पर मिडघाट के पास सतकुंडा क्षेत्र में ट्रेकिंग के लिए पहुंचे कुछ युवकों को जंगल के भीतर करीब 100 मीटर अंदर एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल 100 डायल पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब 25 से 30 वर्ष की महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था। गर्दन और पेट पर चोटों के निशान थे तथा शव पर कीड़े पड़ चुके थे। शुरुआती स्थिति से ही शव करीब पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा था।
ये भी पढ़ें- फर्जी दस्तावेज पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को एटीएस ने उठाया, तंग गलियों में अलग नामों से छिपे हुए थे