शामली के थानाभवन में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में घायल दो युवकों की मदद के लिए जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने अपना काफिला रुकवा दिया। टेलीफोन एक्सचेंज के सामने ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में पानीपत निवासी दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे डीएम ने घायलों को देखा तो अधिकारियों को फोन कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराने और तत्काल उपचार दिलाने के निर्देश दिए। एंबुलेंस आने तक डीएम मौके पर मौजूद रहे।
ट्रैक्टर से टकराकर सड़क पर गिरे बाइक सवार
हादसा शुक्रवार देर रात दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर थानाभवन में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शी संदीप के अनुसार, ट्रैक्टर अपनी साइड में जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रैक्टर के अगले हिस्से के नीचे चली गई और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घायलों की पहचान मोहित (19) पुत्र संजय और वंश (20) पुत्र सुभाष निवासी नूरवाला, पानीपत के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों युवक रिश्तेदारी से पानीपत लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें: लंच पर पकी सियासी खिचड़ी: चंद्रशेखर के घर ओवैसी ने खाई दाल, बोले-बुलडोजर नहीं, संविधान से चलेगा यूपी