डेंडरी गांव में समय पर एंबुलेंस न मिलने से गर्भवती महिला ज्योति आदिवासी और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश के बाद प्रशासन ने जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में आशा सुपरवाइजर को सेवा से निष्क्रिय कर दिया गया है, जबकि 108 जननी एक्सप्रेस के वेंडर और वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सीएचओ की सेवा समाप्ति का प्रस्ताव भी भेजा गया है। बीस नवंबर को प्रसव पीड़िता के परिजनों ने पांच घंटे तक लगातार एंबुलेंस के लिए प्रयास किए थे, लेकिन सहायता नहीं मिल सकी।
अनमोल पोर्टल पर नहीं था पंजीयन
स्वास्थ्य विभाग की जांच में खुलासा हुआ है कि डेंडरी गांव निवासी राजवीर आदिवासी की 20 वर्षीय पत्नी ज्योति आदिवासी का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन ही दर्ज नहीं किया गया था। गर्भावस्था के दौरान महिला का आधार कार्ड और समग्र आईडी बनवाने के लिए भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ओर से आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। इस लापरवाही के कारण पूरी गर्भावस्था के दौरान महिला की नियमित निगरानी और जरूरी देखभाल नहीं हो सकी। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में महिला को हाई रिस्क गर्भवती के रूप में भी श्रेणीबद्ध नहीं किया गया था, जिससे उन्हें समय पर मिलने वाली विशेष चिकित्सा सहायता से वंचित रहना पड़ा।
ये भी पढ़ें: जबलपुर: जज की जगह नहीं ले सकता एआई, सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बोले- न्याय व्यवस्था की सहायक बने तकनीक
आपात स्थिति की जानकारी नहीं दी गई
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि प्रसव पीड़ा के समय 108 जननी एक्सप्रेस वाहन उपलब्ध न होने की दशा में परिजनों को क्या कदम उठाना चाहिए, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी। नियमानुसार ऐसी आपातकालीन स्थिति में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ, बीसीएम और सीबीएमओ को तुरंत सूचना दी जानी चाहिए थी। परिजनों को इस वैकल्पिक व्यवस्था से अनजान रखा गया। 20 नवंबर को जब महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो परिजनों ने पांच घंटे तक अलग-अलग नंबरों से 108 एंबुलेंस को फोन किया। समय पर वाहन न पहुंचने और आपातकालीन विकल्पों की जानकारी न होने के कारण मां और बच्चे दोनों की जान चली गई।
तीन स्तरों पर शुरू हुई बड़ी कार्रवाई
जिला पंचायत सीईओ के आदेश पर प्रभारी आशा सुपरवाइजर शिमला पाल को तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय घोषित कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने सतनवाड़ा के प्रभारी बीएमओ डॉ. विनय पिप्पल को पत्र लिखकर 108 जननी एक्सप्रेस के वेंडर भरत शर्मा और संबंधित एंबुलेंस चालक के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उपस्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में तैनात सीएचओ रियासत खान की लापरवाही को देखते हुए उनकी सेवा समाप्ति का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है।