शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सर्दियों में रूखी त्वचा से हैं परेशान? घर पर इन 4 तरीकों से बनाएं घरेलू मॉइस्चराइजर
लाइफ़स्टाइल

सर्दियों में रूखी त्वचा से हैं परेशान? घर पर इन 4 तरीकों से बनाएं घरेलू मॉइस्चराइजर

October 30, 2026


रामपुर: ठंड के मौसम में हाथ-पैर रूखे होने लगते हैं. चेहरे पर खिंचाव महसूस होता है, तो कभी हाथ-पैरों की त्वचा सूखी और बेजान नजर आने लगती है. ऐसे में लोग बाजार से महंगे मॉइस्चराइजर खरीदते हैं, लेकिन कुछ घरेलू चीजों की मदद से भी त्वचा की नमी बनाए रखने की कोशिश कर सकते हैं. इसके लिए ज्यादा खर्च करने की भी जरूरत नहीं है. आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल ने घर पर मॉइस्चराइजर तैयार करने के कुछ आसान तरीके बताए हैं, जिन्हें आप भी जान लीजिए.

नारियल के तेल में विटामिन ई मिलाकर बनाएं मॉइस्चराइजर

त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए नारियल के तेल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. डॉक्टर के बताए तरीके के मुताबिक, दो चम्मच नारियल के तेल में विटामिन ई का एक कैप्सूल मिलाकर इसे अच्छी तरह मिला लें. नहाने के बाद शरीर पर इसकी थोड़ी मात्रा लगाई जा सकती है. इससे रूखी त्वचा को नमी मिल सकती है और खुजली से भी राहत मिल सकती है.

बादाम के तेल से दूर करें चेहरे का रूखापन

चेहरे का रूखापन दूर करने के लिए बादाम के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. डॉक्टर मोहम्मद इकबाल के मुताबिक, बादाम का तेल लेकर चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें. इससे त्वचा को नमी मिलती है और रूखेपन से राहत मिल सकती है. मसाज करते समय हाथों को चेहरे पर धीरे-धीरे चलाएं. बादाम के तेल से चेहरे की मसाज करने पर त्वचा का रूखापन कम होता है और त्वचा मुलायम बनी रहती है.

एलोवेरा जेल और नारियल के तेल से तैयार करें मॉइस्चराइजर

अगर आप घर पर ही मॉइस्चराइजर तैयार करना चाहते हैं, तो एलोवेरा जेल और नारियल का तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक चम्मच एलोवेरा जेल में तीन चम्मच नारियल का तेल मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें. डॉक्टर के मुताबिक, इसे त्वचा पर लगाया जा सकता है.

बेसन और नारियल के तेल से बनाएं फेस पैक

चेहरे की देखभाल के लिए बेसन और नारियल का तेल भी अच्छा घरेलू नुस्खा है. इसके लिए बेसन में थोड़ा नारियल का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें. इसे चेहरे पर लगाकर करीब 10 मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद साफ पानी से चेहरा धो लें. इससे चेहरे का रूखापन दूर करने और त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद मिल सकती है.

त्वचा पर इंफेक्शन या खुजली होने पर डॉक्टर से लें सलाह

डॉक्टर मोहम्मद इकबाल के मुताबिक, बादाम का तेल, नारियल का तेल और एलोवेरा जेल त्वचा को नमी देते हैं. इनके इस्तेमाल से रूखापन दूर होता है और त्वचा मुलायम बनी रहती है. घरेलू चीजों से मॉइस्चराइजर तैयार करने पर बाजार के महंगे प्रोडक्ट खरीदने का खर्च भी बचता है. चेहरे और शरीर की त्वचा को नमी देने के लिए ये चीजें रोजमर्रा की देखभाल में काम आती हैं.

डॉक्टर ने बताया कि अगर त्वचा पर किसी तरह का इंफेक्शन, खुजली या दाने हैं, तो घर का हो या बाहर का, कोई भी मॉइस्चराइजर इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X