शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सांसों पर संकट:हरियाणा के आठ शहर देश के 10 सबसे प्रदूषित, मौसमी उपायों के बजाय सालभर की रणनीति जरूरी – Crisis For Breath Eight Cities In Haryana Among The Country’s 10 Most Polluted
चंडीगढ़

सांसों पर संकट:हरियाणा के आठ शहर देश के 10 सबसे प्रदूषित, मौसमी उपायों के बजाय सालभर की रणनीति जरूरी – Crisis For Breath Eight Cities In Haryana Among The Country’s 10 Most Polluted

November 8, 2026


हरियाणा में प्रदूषण कोई नई समस्या नहीं है। सर्दी शुरू होने के साथ ही हर साल हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगती है और दशहरे से दिवाली के बीच हालात और गंभीर हो जाते हैं। इस बार सरकार ने पहले से तैयारी की। पराली रोकने के लिए मशीनों का लक्ष्य पार किया, गांवों में सेंसर और ड्रोन लगाए, सड़कों की सफाई के लिए मशीनें उतारीं, निर्माण स्थलों और उद्योगों की निगरानी बढ़ाई और पटाखों पर भी सख्ती की। इसके बावजूद प्रदूषण के आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं।

पराली के बाद अब दिवाली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों व दावों की परीक्षा लेगी। दिवाली के बाद हर साल की तरह इस बार भी कहीं हरियाणा समेत उत्तर भारत जहरीली गैस चैंबर ना बन जाए। यह आशंका इसलिए है क्योंकि पिछले साल दिवाली से एक दिन पहले और अगले दिन कई शहरों का एक्यूआई तेजी से बढ़ गया था। जैसे कि दिवाली से पहले जींद का एक्यूआई 160 और बाद में 421 हो गया। इसी तरह गुरुग्राम का 275 से 370, बहादुरगढ़ का 294 से 358, रोहतक का 290 से 300 पार हो गया था। यानी पटाखों को धुएं ने वायु प्रदूषण के स्तर में तेजी से बढ़ा दिया था।

इस पर पीजीआई चंडीगढ़ के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. रविंद्र खैवाल के मुताबिक इस बार भी दिवाली से पहले प्रदूषण की स्थिति गंभीर है, जोकि दिवाली के बाद अति गंभीर बन सकती है। उन्होंने बताया कि दिवाली पर प्रदेश में तकरीबन 145 टन पटाखे फूंक दिए जाते हैं, जिससे प्रति किलो पटाखे जलने पर करीब 33.6 ग्राम पीएम2.5 और 42.5 ग्राम पीएम10 निकलने के आधार पर लगभग 4.87 टन पीएम2.5 और 6.16 टन पीएम10 हवा में घुलता है। इससे प्रदूषण का स्तर बढ़ना तय है।

चार साल में पहली बार दिवाली से तीन दिन पहले ही हरियाणा की हवा जहरीली हो गई। सात नवंबर को देश के 122 शहरों की वायु गुणवत्ता रिपोर्ट में प्रदेश के आठ शहर देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हो गए। बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 409 तक पहुंच गया जो गंभीर श्रेणी में आता है।

सात नवंबर को देशभर में पांच सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के तीन शहर बल्लभगढ़ (409) , सिरसा (383) और गुरुग्राम का पंचगांव 377 शामिल है। इसके अतिरिक्त बहादुरगढ़ 364, भिवानी 307, फरीदाबाद 336, गुरुग्राम 345, हिसार 316, जींद 310, रोहतक 320 और सोनीपत 304 शामिल है। रोहतक, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, अंबाला और जींद में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर है। यानी प्रदूषण का दायरा केवल गुरुग्राम और फरीदाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हवा बिगड़ रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X