जिले के बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोदना में हुए दिल दहला देने वाले अग्निकांड में एक और दर्दनाक खबर सामने आई है। देवरानी द्वारा लगाई गई आग में झुलसी 15 वर्षीय किशोरी आयुषी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मां गिरजाबाई के बाद बेटी की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश की लहर है।
पुलिस के अनुसार आरोपी देवरानी काजल को अपने पति और जेठानी गिरजाबाई के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी विवाद के चलते काजल ने कथित तौर पर अपनी जेठानी गिरजाबाई और उसकी 15 वर्षीय बेटी आयुषी को कमरे में बंद कर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर से कुंडी लगाकर मौके से फरार हो गई थी।
ये भी पढ़ें: छतरपुर: कॉलेज तिराहा के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, जान बचाने के लिए गिड़गिड़ाता रहा दुकानदार, पैर में लगी गोली
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से दोनों मां-बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। इलाज के दौरान गिरजाबाई की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसी आयुषी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में बर्न वार्ड में उपचार चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद देर रात आयुषी ने भी जिंदगी की जंग हार गई।
बीना थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी देवरानी काजल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार में मां-बेटी की दर्दनाक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।