शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सागर कोर्ट का बड़ा फैसला:फरियादी और गवाहों के मुकरने के बावजूद हत्या के प्रयास के दोषी को 5 साल की सजा – Sagar: Court Sentences Attempted Murder Convict To Five Years Despite Key Witnesses Turning Hostile In Trial
सागर

सागर कोर्ट का बड़ा फैसला:फरियादी और गवाहों के मुकरने के बावजूद हत्या के प्रयास के दोषी को 5 साल की सजा – Sagar: Court Sentences Attempted Murder Convict To Five Years Despite Key Witnesses Turning Hostile In Trial

November 13, 2026


Sagar: Court Sentences Attempted Murder Convict to Five Years Despite Key Witnesses Turning Hostile in Trial

जिला एवं सत्र न्यायालय, सागर

विस्तार

मध्य प्रदेश के सागर स्थित सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा के न्यायालय ने हत्या के प्रयास मामले में आरोपी को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने ग्राम देवलचौरी निवासी 43 वर्ष के आरोपी नरेंद्र राजपूत को जानलेवा हमला करने का दोषी माना है।

घटना राहतगढ़ थाना क्षेत्र की है। अभियोजन के अनुसार 27 अक्तूबर 2025 को शाम करीब 7:20 बजे ग्राम देवलचौरी में फरियादी हनुमत सिंह राजपूत के मकान के सामने विवाद चल रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम मेनवारा निवासी 55 वर्ष के खेत सिंह ठाकुर पर आरोपी नरेंद्र राजपूत ने बटनदार चाकू से पेट में जानलेवा हमला कर दिया।

पेट में चाकू घोंपने से बिगड़ी थी स्थिति

हमले में चाकू लगने से खेत सिंह ठाकुर की छोटी आंत में गहरा छेद हो गया। पेट के भीतर करीब 700 से 800 मिलीलीटर रक्त एकत्र होने से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। घटना के तुरंत बाद घायल को डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल सागर ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने पीड़ित का ऑपरेशन किया, जिसके बाद वे लगभग 15 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार कराते रहे।

ये भी पढ़ें: भोपाल में आज: पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का समापन, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल; छठ महापर्व की शुरुआत

मामले की अदालती सुनवाई के दौरान प्रकरण के मुख्य फरियादी हनुमत सिंह राजपूत, जागृति राजपूत तथा अन्य चश्मदीद गवाह अपने पूर्व कथनों से मुकर गए। इसके बाद भी अदालत ने घायल खेत सिंह ठाकुर की प्रत्यक्ष और विश्वसनीय गवाही को ही निर्णायक साक्ष्य माना।

साक्ष्य की गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण

न्यायालय ने सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न न्याय दृष्टांतों और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 की धारा 139 में निहित सिद्धांतों का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि किसी प्रकरण में गवाहों की संख्या के बजाय साक्ष्य की गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण होती है। केवल अन्य गवाहों के पक्षद्रोही होने से घायल व्यक्ति की प्रामाणिक गवाही को निरस्त नहीं किया जा सकता।

चिकित्सीय साक्ष्य और जब्त चाकू बने मुख्य आधार

अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि पीड़ित खेत सिंह की गवाही का समर्थन चिकित्सीय साक्ष्यों, डॉक्टरों के कथनों और आरोपी की निशानदेही से बरामद हुए बटनदार चाकू से पूरी तरह होता है। इन सभी महत्वपूर्ण एवं मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सत्र न्यायालय ने आरोपी नरेंद्र राजपूत को हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया। कोर्ट ने उसे पांच वर्ष के सश्रम कारावास के साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा से दंडित किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X