जिले में लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते छात्रावास अधीक्षक को ट्रैप किया है। गुरुवार रात करीब 8 बजे सीधी शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित आवास से छात्रावास पतुलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदरस द्विवेदी को पकड़ा गया। कार्रवाई रात करीब 2 बजे तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार बहरी निवासी सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने नियमितीकरण के नाम पर रिश्वत मांगे जाने की शिकायत EOW से की थी। सुरेश वर्तमान में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि नियमितीकरण के लिए कई बार आवेदन किया था और सूची में उनका नाम भी आ गया था। इसके बावजूद उनसे पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता के आरोप के मुताबिक जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त केके पांडे सीधे पैसे नहीं ले रहे थे, बल्कि छात्रावास अधीक्षक रामदरस द्विवेदी के माध्यम से राशि लेने की बात कही गई थी। सुरेश ने कई बार निवेदन किया लेकिन जब उनकी बात नहीं मानी गई तो उन्होंने EOW में शिकायत दर्ज करा दी।
ये भी पढ़ें: इंदौर: आठ साल बाद नंबर-1 का ताज छिनने पर इंदौर में सियासत तेज, भार्गव का दावा-स्कोरशीट आने दें,हम अब भी टॉप पर
शिकायत के आधार पर EOW रीवा की करीब 15 सदस्यीय टीम ने ASP के नेतृत्व में जाल बिछाया और गुरुवार रात अधीक्षक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आवास पर कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उच्च विश्राम गृह पहुंची।
इस मामले में अब सहायक आयुक्त केके पांडे की कथित भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिश्वत मांगने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हालांकि सहायक आयुक्त की भूमिका और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर EOW की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।