मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:यात्रियों की भीड़ देख चलानी पड़ीं 16 स्पेशल बसें – 16 Special Buses Had To Be Pressed Into Service Due To The Rush Of Passengers

November 17, 2026


एचआरटीसी ने बद्दी के लिए आठ, चंडीगढ़ के लिए पांच स्पेशल बसें दौड़ाईं

संवाद न्यूज एजेंसी

ऊना। रविवार को चंडीगढ़, बद्दी और होशियारपुर जाने वाले यात्रियों की भीड़ के आगे बसों की उपलब्धता कम पड़ गई। छट्टियों के बाद आईएसबीटी ऊना में यात्रियों का दबाव इस कदर बढ़ा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को 16 स्पेशल बसें मैदान में उतारनी पड़ीं। ऊना और हरोली ई-बस डिपो से अतिरिक्त बसों का संचालन कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। वहीं, यात्रियों की आवाजाही में असंतुलन का असर ग्रामीण रूटों पर भी दिखा और सवारियां नहीं मिलने के कारण निगम की करीब 15 बसें रूटों पर नहीं चल सकीं।

निगम की जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह से ही आईएसबीटी में यात्रियों की भीड़ एकत्र होना शुरू हो गई। त्योहारी सीजन की छुट्टियाें के बाद रविवार को लंबे रूटों की दौड़ने वाली बसों में पहले से सीटें पूरी भरी रहीं। ऐसे में ऊना में बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को सीट उपलब्ध नहीं हो सकीं। देखते ही देखते ऊना आईएसबीटी में यात्रियों का जमावड़ा लग गया ।

यात्रियों की उमड़ी भीड़ को देखते हुए ऊना डिपो ने पांच स्पेशल बसें बद्दी, दो चंडीगढ़ और तीन होशियारपुर के लिए रवाना कीं। वहीं, हरोली ई-बस डिपो की ओर से भी तीन स्पेशल बसें चंडीगढ़ और तीन बद्दी के लिए चलाई गईं। खास बात यह रही कि हरोली ई-बस डिपो की इलेक्ट्रिक बसों को भी यात्रियों की सुविधा के लिए ऊना से ही रवाना किया गया।

दूसरी ओर, रविवार को लोकल रूटों पर चलने वाली निजी बसें भी ऊना पहुंचते समय यात्रियों से पूरी तरह भरी रहीं। हालांकि वापसी के दौरान स्थिति बदल गई। ऊना से आगे जाने के लिए पर्याप्त सवारियां नहीं मिलने के कारण निजी बस ऑपरेटरों को भी खाली सीटों के साथ रवाना होना पड़ा।

————

बॉक्स

15 लोकल रूटों पर नहीं दौड़ी बसें

यात्रियों की आवाजाही में आई इस असमानता का असर निगम की ग्रामीण परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा। ऊना से सवारियां उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब 15 ग्रामीण रूटों पर एचआरटीसी की बसों का संचालन नहीं हो पाया। ऐसे में एक ओर प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए निगम को अतिरिक्त बसें चलानी पड़ीं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बस सेवा से वंचित रहना पड़ा।

कोट:

ऊना और हरोली ई डिपो की 16 स्पेशल बसों का संचालन किया गया है। यदि जरूरत पड़ेगी तो और स्पेशल बसें भेजी जाएंगी, इसे लेकर बस अड्डा में तैनात कर्मचारियों काे दिशा निर्देश दे दिए है।

-राजेश जोशी, कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक ऊना।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X