जिले के विश्व प्रसिद्ध पेंच टाइगर रिजर्व के बफर जोन अंतर्गत कुरई क्षेत्र में बाघ के हमले से एक युवक की दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। यह घटना ग्राम खंडासा की है, जहां विगत शाम बाघ ने 35 वर्षीय युवक को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खंडासा निवासी योगेश देशमुख विगत शाम अपने मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक जब वे वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने रात में ही उनकी काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। किसी अनहोनी की आशंका के चलते सोमवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर जंगल में दोबारा सघन तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान जंगल के भीतर योगेश का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें: सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, सरगना महिला फरार
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। वन विभाग और पुलिस की टीम को भी मामले की जानकारी दी गई। बफर जोन से सटे इलाकों में बाघ की बढ़ती सक्रियता और इस तरह की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में रोष और भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल के आसपास बाघ की मौजूदगी से उनका दैनिक जीवन और मवेशी चराना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
प्रशासन और वन विभाग की ओर से आसपास के गांवों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे अकेले जंगल या बफर जोन के संवेदनशील इलाकों में न जाएं और मवेशी चराते समय समूह में रहें। फिलहाल वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखने की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।