सीजी:पेंड्रारोड स्टेशन पर पार्किंग विवाद में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के मामले में दो और गिरफ्तार – A Dispute Over Car Parking Outside The Station Escalated Into Physical Assault, Verbal Abuse, And Death Threat
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के बाहर कार पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी। गौरेला पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम श्रीवास (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 गौरेला शामिल है। इसके अलावा अमन ललपुरे (22 वर्ष), निवासी स्टेट बैंक के पास गौरेला को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 27 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पार्किंग विवाद और मारपीट की घटना
यह घटना 30 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। प्रार्थी राकेश कुमार गोंड (36 वर्ष), निवासी बजरंग मोहल्ला ज्योतिपुर गौरेला, एक परिचित को लेने स्टेशन गए थे। उन्होंने अपनी कार पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन के बाहर प्लेटफार्म नंबर-1 के पास खड़ी की थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी कार को लॉक कर दिया था। वापस लौटने पर जब उन्होंने कार लॉक करने का कारण पूछा तो विवाद शुरू हो गया।
प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की। विरोध करने पर कॉलर पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस मारपीट में उनके चेहरे और बांह में चोटें आईं। इस दौरान उनकी कार की चाबी भी छीन ली गई थी, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस जांच और अन्य गिरफ्तारियां
प्रार्थी की शिकायत मिलने पर गौरेला पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में तुरंत विवेचना शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही एक आरोपी कुलज्योति नारायण सिकदर (30 वर्ष), निवासी टिकरकला गौरेला को गिरफ्तार कर लिया था।
बाद की विवेचना और पूछताछ में शुभम श्रीवास एवं अमन ललपुरे की संलिप्तता सामने आई थी। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में आगे की विवेचना अभी भी जारी है।
