शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027:होली के साथ टकरा रहीं परीक्षा की तिथियां, क्या डेटशीट में होगा बदलाव? – Cbse Board Exam 2027: Holi Date Clash Raises Questions Over Class 12 Exam Schedule
शिक्षा

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027:होली के साथ टकरा रहीं परीक्षा की तिथियां, क्या डेटशीट में होगा बदलाव? – Cbse Board Exam 2027: Holi Date Clash Raises Questions Over Class 12 Exam Schedule

November 9, 2026


केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 6 नवंबर को वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की समय सारिणी जारी कर चुका है। जहां एक ओर डेटशीट का इंतजार कर रहे लाखों बच्चों की जिज्ञासा शांत हुई है, वहीं दूसरी ओर छात्रों को एक चिंता भी हो रही है। इसका कारण है होली के साथ परीक्षा की तिथियों की टकराव।

जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। हालांकि, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होंगी।


  • 10वीं की परीक्षा: 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक
  • 12वीं की परीक्षा: 16 फरवरी से 9 अप्रैल 2027 तक

इस तरह 10वीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं मार्च में ही खत्म हो जाएंगी, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों को अप्रैल तक परीक्षा देनी होगी।

होली के दिन किन पांच विषयों की परीक्षा होगी?

सीबीएसई की जारी समय सारिणी के मुताबिक, 22 मार्च 2027 को होली है। इसी दिन 12वीं कक्षा के पांच विषयों की परीक्षाएं रखी गई हैं। इनमें शामिल हैं:


  • भारत की ज्ञान परंपरा एवं व्यवहार (नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेज ऑफ इंडिया)
  • भोटी
  • कोकबोरोक
  • बैंकिंग
  • इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी

सभी परीक्षाएं सुबह की पाली में होंगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

क्या होली के दिन होने वाली परीक्षा की तारीख बदलेगा सीबीएसई?

होली के दिन पांच विषयों की परीक्षा होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या सीबीएसई परीक्षा की तारीख में बदलाव करेगा? फिलहाल बोर्ड की ओर से इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 22 मार्च को होने वाली परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी या बोर्ड इसमें कोई बदलाव करेगा। इस संबंध में कोई भी आधिकारिक सूचना सीबीएसई की वेबसाइट cbse.gov.in पर जारी की जाएगी। छात्रों को किसी भी बदलाव के लिए बोर्ड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

2025 में होली के दौरान सीबीएसई ने क्या सुविधा दी थी?

साल 2025 में भी होली के मौके पर 12वीं की हिंदी की परीक्षा निर्धारित थी। यह परीक्षा 15 मार्च 2025 को होनी थी। उस समय सीबीएसई ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की थी। जिन छात्रों को होली के कारण उस दिन परीक्षा देने में परेशानी थी, उनके लिए अलग से परीक्षा कराने की सुविधा दी गई थी।

ऐसे में माना जा रहा है कि 2027 में भी बोर्ड विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोई फैसला ले सकता है। हालांकि, इस बार ऐसी किसी सुविधा या परीक्षा की तारीख में बदलाव को लेकर सीबीएसई ने अभी कोई घोषणा नहीं की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X