सफलता की राह कभी आसान और सीधी नहीं होती, मंजिल तक पहुंचने के लिए कठिन रास्तों, चुनौतियों और संघर्ष से गुजरना पड़ता है। धर्मशाला की धौलाधार पहाड़ियां भी यही सीख देती हैं। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने युवाओं को जीवन में धैर्य, संघर्ष, सामुदायिक सहयोग और टीमवर्क का महत्व समझाते हुए कहा कि हर व्यक्ति की सफलता की यात्रा अलग होती है, इसलिए सोशल मीडिया पर दूसरों की उपलब्धियों से अपनी तुलना नहीं करनी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीजेआई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल उन्हें घर जैसा लगता है। दिल्ली के प्रदूषित वातावरण से निकलकर धर्मशाला पहुंचना उनके लिए शुद्ध हवा में सांस लेने जैसा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की धौलाधार पहाड़ियां सिखाती हैं कि सफलता का रास्ता कभी सीधा नहीं होता। जिस तरह पहाड़ों पर चढ़ने के लिए कठिन और घुमावदार रास्तों से गुजरना पड़ता है, उसी तरह जीवन में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सफलता पाने के लिए संघर्ष और धैर्य जरूरी है।