रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सुना है क्या:’बिना किए भी हो रहा प्रचार’, ‘कैंप तक सलाम, बाद में सवाल’, ‘नाम खुलने का डर’ – Suna Hai Kya: ‘promotion Happening Even Without Any Effort’, ‘salutes While In The Camp
लखनऊ

सुना है क्या:’बिना किए भी हो रहा प्रचार’, ‘कैंप तक सलाम, बाद में सवाल’, ‘नाम खुलने का डर’ – Suna Hai Kya: ‘promotion Happening Even Without Any Effort’, ‘salutes While In The Camp

November 27, 2026


Suna Hai Kya: 'Promotion happening even without any effort', 'Salutes while in the camp

विस्तार

यूपी में सियासी बिसात बिछने के बीच एक दल को बिना कुछ किए ही प्रचार का लाभ मिलने लगा है। हालांकि, वो कुछ बोल नहीं रहे पर मन ही मन काफी खुश हैं। वहीं, खेल एसोसिएशन के मुखिया का अंदाज अफसरों में खूब चर्चा बटोर रहा है। प्रदेश के राजस्व विभाग के मुखिया ने अफसरों को ऐसी दवा दी है कि सभी का हाल बेहाल है और उनका इलाज करने वाला भी कोई नहीं है। पढ़ें ये किस्से: 

बिना किए भी हो रहा प्रचार

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात तेजी से बिछने लगी है। नेताओं और दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। इस बीच दो बड़े दलों के बीच सीट को लेकर खिंची तलवार का फायदा तीसरे दल को बिना कुछ किए ही मिल रहा है। दरअसल, एक-दूसरे से नाराज एक नेता ने इस दल की मुखिया की तारीफ कर उनकी चर्चा को गति दे दी है। इसे लेकर नीले झंडे वाले दल के लोग खुलकर तो कुछ नहीं बोल रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर खुश हैं कि उनका बिना कुछ किए ही खूब प्रचार हो रहा है।

कैंप तक सलाम, बाद में सवाल

प्रदेश की एक बड़ी खेल एसोसिएशन के मुखिया के तेवर भी गजब हैं। खेल विभाग से मान्यता मिली है तो सरकारी स्टेडियमों में कैंप लगाने की सुविधा भी भरपूर मिलती है। कैंप लगाने की बारी आती है तो महाशय सरकारी खेल अधिकारियों के दरवाजे पर हाजिरी लगाने में पीछे नहीं रहते। लेकिन जैसे ही कैंप निपटता है, उनके सुर और अंदाज दोनों बदल जाते हैं। फिर सुविधाओं में कमियां गिनाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। मुखिया की इस अदा से खेल विभाग के बड़े अधिकारी भी खूब वाकिफ हैं।

नाम खुलने का डर

राजस्व जुटाने वाले एक महकमे में इन दिनों अफरा-तफरी है। सैकड़ों मातहत ‘घायल’ हैं, लेकिन मरहम लगाने वाला कोई नहीं। एक तरफ नौकरी और अच्छी पोस्टिंग खतरे में है तो दूसरी तरफ ‘करप्शन’ का टैग लग गया। तेजतर्रार बड़े साहब ने मातहतों को ऐसी दवा दी है, जिसे न निगलते बन रहा है और न उगलते। इसका असर यह हुआ कि एक धड़ा मलाईदार पोस्टिंग पर जमे अफसरों का कच्चा चिट्ठा ऊपर तक पहुंचाने में जुट गया है।

आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या समाचार हो तो 8859108085 पर व्हाट्सएप करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X