दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने 2018 के चर्चित सैंडपेपर विवाद को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के हर खिलाड़ी को गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में जानकारी थी। डिविलियर्स ने कहा कि उन्हें इस बात पर बिल्कुल संदेह नहीं है कि खिलाड़ियों ने जानबूझकर नियम तोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ केवल केपटाउन टेस्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि डरबन टेस्ट में भी ऐसा हुआ था। उस समय डिविलियर्स दक्षिण अफ्रीकी टीम का हिस्सा थे और उन्होंने केपटाउन टेस्ट की दोनों पारियों में 64 और 63 रन बनाए थे।