सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मोदी योगी ब्रांड पर ही उत्तर प्रदेश में लड़ा जाएगा विधानसभा चुनाव :डॉ. प्रदीप – The Assembly Election In Uttar Pradesh Will Be Contested On The ‘modi-yogi’ Brand: Dr. Pradeep
हरदोई

मोदी योगी ब्रांड पर ही उत्तर प्रदेश में लड़ा जाएगा विधानसभा चुनाव :डॉ. प्रदीप – The Assembly Election In Uttar Pradesh Will Be Contested On The ‘modi-yogi’ Brand: Dr. Pradeep

November 16, 2026


हरदोई। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। भाजपा कार्यालय में रविवार को हुई जिला पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की बैठक में प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने साफ तौर पर कहा कि मोदी-योगी ब्रांड पर ही विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। खास बात यह है कि पार्टी के पुराने वफादारों को भी चुनाव में हर हाल में लगाने की रणनीति बनाई गई है।

गंगा नगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि चुनाव जीतने की असली कुंजी मजबूत बूथ प्रबंधन है। बूथ को अभेद किले के रूप में तैयार करना होगा। पदाधिकारियों से कहा कि हर वर्ग और हर धर्म के लोगों के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना अगले 75 साल के लिए न्यू भाजपा तैयार करनी है। हर पुराने कार्यकर्ता को सम्मान के साथ भाजपा की चुनावी रणनीति में लगाना है।

सह प्रभारी और सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था के प्रति जीराे टॉलरेंस की नीति है। इस नीति ने माताओं और बहनों को पूर्ण सुरक्षा का एहसास कराया है। महिला पदाधिकारियों से घर-घर जाकर मातृशक्ति को पार्टी से जोड़ने का मंत्र दिया। गौरव भाटिया ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा के पास सुशासन और विकास का ठोस रिपोर्ट कार्ड है।

बैठक को जिला प्रभारी कमलेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने भी संबोधित किया। बैठक में एमएलसी अशोक अग्रवाल, विधायक रामपाल वर्मा, माधवेंद्र सिंह, अलका अर्कवंशी, प्रभाष कुमार, श्याम प्रकाश, आशीष सिंह आशू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, पूर्व सांसद राघवेंद्र सिंह और अंशुल वर्मा, मीडिया प्रभारी अतुल सिंह चाऊंपुर के साथ ही पूर्व जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

समन्वय, सक्रियता और प्रबंधन के सहारे जीत का मंत्र दे गए सह प्रभारी

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगी भाजपा के चुनाव सह प्रभारी यूं तो बैठक में बहुत कुछ बोले लेकिन जीत का मंत्र भी दे गए। जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चाें के जिलाध्यक्षों, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और मौजूदा विधायकों से परिचय लेने के बाद सह प्रभारी डॉ. प्रदीप वर्मा ने चुनाव के लिए चार चरण की तैयारियों पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं की सक्रियता (वर्कर्स मोबलाइजेशन) को सर्वाेपरि रखते हुए हर कार्यकर्ता को चुनाव में लगाने की बात कही। साथ ही जनता की सक्रियता (पब्लिक मोबलाइजेशन) पर भी उन्होंने गंभीरता से काम करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने टीम के समन्वय (टीम क्वार्डिनेशन) पर भी बात की। जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। चुनाव प्रबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। बूथ मजबूत होना जरूरी है और यहां के कार्यकर्ताओं का भी पूरे मनोयोग से जुटना आवश्यक है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X