रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
18 साल की छात्रा की आखिरी इच्छा सुन स्कूल पहुंचा अस्पताल, दोस्तों के साथ की पढ़ाई, भावुक पल ने सबको रुलाया!
वायरल

18 साल की छात्रा की आखिरी इच्छा सुन स्कूल पहुंचा अस्पताल, दोस्तों के साथ की पढ़ाई, भावुक पल ने सबको रुलाया!

November 21, 2026


कई बार इंसान की छोटी-सी इच्छा भी उसके लिए पूरी दुनिया के बराबर होती है. किसी के लिए दोस्तों के साथ बैठकर बातें करना खास होता है, तो किसी के लिए स्कूल की क्लास में बैठना और किताबें पढ़ना. चीन की 18 साल की याओ यिंगबेई (Yao Yingbei) की भी ऐसी ही एक इच्छा थी. ब्लड कैंसर से जूझ रही इस लड़की की चाहत थी कि वह एक बार फिर अपने दोस्तों के साथ क्लास में बैठ सके. उसकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए स्कूल के टीचर्स और दोस्तों ने ऐसा इंतजाम किया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया.

दरअसल, चीन के गुइझोउ इलाके की रहने वाली याओ यिंगबेई, जिन्हें प्यार से बेइबेई बुलाया जाता था, लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रही थीं. बीमारी और इलाज के चलते उन्हें बार-बार स्कूल से दूर रहना पड़ा. ऐसे में उनके लिए दोस्तों के साथ बैठकर पढ़ना और स्कूल के दिनों को जीना बेहद खास था. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बेइबेई की आखिरी इच्छा थी कि वह एक बार फिर अपने सहपाठियों के साथ क्लास में बैठें और पढ़ाई करें. जब स्कूल के प्रिंसिपल और टीचर्स को उनकी इस इच्छा के बारे में पता चला, तो उन्होंने इसे पूरा करने की कोशिश की. अस्पताल के एक कमरे को गुब्बारों और टेडी बियर से सजाया गया, ताकि वहां स्कूल जैसा माहौल बनाया जा सके. इसके बाद कुछ सहपाठियों को अस्पताल बुलाया गया और बेइबेई के लिए एक खास क्लास आयोजित की गई. कमरे में मौजूद बच्चों से कहा गया कि वो बिल्कुल वैसे ही रहें, जैसे रोज स्कूल में रहते हैं, ताकि बेइबेई को भी अपने पुराने दिनों जैसा एहसास हो सके.

तेज बुखार और दर्द के बीच भी दोस्तों के साथ दोहराती रही पाठ
इस खास क्लास में इंग्लिश के टीचर ने इतिहास और चीन के एक म्यूजियम से जुड़ा पाठ पढ़ाया. बेइबेई के लिए यह सिर्फ पढ़ाई नहीं थी, बल्कि अपने दोस्तों के साथ बिताया गया एक ऐसा समय था, जिसे वह काफी दिनों से याद कर रही थीं. क्लास के दौरान उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. उन्हें तेज बुखार था, हड्डियों में दर्द हो रहा था और नाक से बार-बार खून भी आ रहा था. इसके बावजूद वह अपने दोस्तों के साथ पाठ दोहराती रहीं. अस्पताल के कमरे में पढ़ाई का यह माहौल उनके लिए स्कूल की उन यादों को फिर से जीने जैसा था, जिनसे बीमारी ने उन्हें दूर कर दिया था. टीचर्स और सहपाठियों ने भी कोशिश की कि उस दौरान बीमारी की बातों के बजाय सामान्य क्लास जैसा माहौल बना रहे.

अकेलापन महसूस न हो, इसलिए रोज मिलने आते थे दोस्त और टीचर्स
बेइबेई की बीमारी करीब तीन महीने पहले फिर लौट आई थी. इसके बाद उनके माता-पिता उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों के बड़े अस्पतालों में लेकर गए. परिवार ने हर संभव कोशिश की, लेकिन जब डॉक्टरों से ठीक होने की उम्मीद नहीं मिली, तो वे उन्हें वापस अपने शहर ले आए. अस्पताल में लंबे समय तक रहने के दौरान बेइबेई अकेलापन महसूस न करें, इसके लिए उनके टीचर्स और दोस्त बारी-बारी से उनसे मिलने आते थे. उनके लिए यह साथ काफी मायने रखता था. स्कूल से दूर होने के बावजूद दोस्त और शिक्षक उन्हें भूले नहीं थे और लगातार उनका हाल जानने पहुंचते थे.

पांच साल पहले पता चला था कैंसर, छोटी बहन के स्टेम सेल से हुआ था इलाज
बेइबेई सोंगजियांग सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थीं. करीब पांच साल पहले उन्हें कैंसर होने का पता चला था. इलाज के लिए बार-बार स्कूल से छुट्टी लेनी पड़ती थी, जिसके कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हुई. परिवार ने उनकी जान बचाने के लिए हर संभव रास्ता तलाशा. इसी उम्मीद में माता-पिता ने एक और बच्ची को जन्म दिया, ताकि उसकी मदद से बेइबेई का इलाज हो सके. छोटी बहन के जन्म के समय उसके गर्भनाल के रक्त से बेइबेई का स्टेम-सेल ट्रांसप्लांट किया गया. इस इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ और वह एक बार फिर स्कूल जाने लगी थीं. लेकिन बाद में बीमारी फिर लौट आई और उन्हें स्कूल से दूर अस्पताल में रहना पड़ा. दोस्तों के साथ क्लास में बैठने की उनकी इच्छा पूरी होने के दो दिन बाद, 7 नवंबर को बेइबेई का निधन हो गया. उनकी यह आखिरी क्लास उन दोस्तों और टीचर्स के लिए हमेशा एक यादगार पल बन गई, जिन्होंने अस्पताल में उनके साथ स्कूल का एक दिन फिर से जीने की कोशिश की थी.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X