953 खिड़कियों वाला महल, मधुमक्खी के छत्ते जैसी बनावट, जानें कैसे बिना नींव के 200 साल से खड़ी है ये इमारत?
Last Updated:
एक ऐसा महल जो अपनी अनोखी बनावट और खूबसूरती के लिए दुनियाभर में मशहूर है. इसकी 953 खिड़कियां और शाही अंदाज लोगों को खूब आकर्षित करते हैं. लेकिन इस ऐतिहासिक इमारत से जुड़ी कुछ ऐसी बातें हैं, जो शायद आप नहीं जानते होंगे.
953 खिड़कियों वाला अनोखा महल(फोटो: Ai Generated Image)
राजस्थान में घूमने के लिए एक से बढ़कर एक जगहें हैं. कहीं जैसलमेर के सुनहरे किले और रेतीले मैदान हैं, तो कहीं उदयपुर की झीलें और खूबसूरत महल पर्यटकों का मन मोह लेते हैं. वहीं जयपुर की बात करें तो यहां आमेर किला, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और हवा महल जैसी ऐतिहासिक इमारतें शहर की पहचान हैं. खासकर हवा महल को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. इसकी अनोखी बनावट, सैकड़ों खिड़कियां और इससे जुड़ी कहानियां लोगों को काफी आकर्षित करती हैं. दूर से देखने पर यह किसी राजा के मुकुट जैसा लगता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे ऐसा आकार देने के पीछे भगवान कृष्ण से जुड़ी एक खास वजह बताई जाती है?
जयपुर की पहचान बन गया हवा महल
जयपुर का हवा महल अपनी खूबसूरत आर्किटेक्चर के लिए दुनियाभर में मशहूर है. लाल और गुलाबी बलुआ पत्थरों से बनी इस इमारत को साल 1799 में महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने बनवाया था. वह जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जय सिंह के पोते थे. इस महल को बनाने की जिम्मेदारी वास्तुकार लाल चंद उस्ताद को दी गई थी, जिन्होंने महाराजा की कल्पना को शानदार इमारत का रूप दिया. हवा महल को दूर से देखने पर इसकी बनावट किसी राजमुकुट जैसी नजर आती है. बताया जाता है कि महाराजा सवाई प्रताप सिंह भगवान कृष्ण के परम भक्त थे. इसी वजह से वह चाहते थे कि महल का डिजाइन भगवान कृष्ण के मुकुट जैसा हो. वास्तुकार ने इसी विचार को ध्यान में रखते हुए पांच मंजिला इमारत का निर्माण किया. यही वजह है कि हवा महल की बनावट बाकी राजमहलों से काफी अलग दिखाई देती है.
मधुमक्खी के छत्ते जैसी दिखाई देती हैं खिड़कियां
हवा महल की बाहरी दीवार पर बनी छोटी-छोटी खिड़कियां इसे बेहद खास बनाती हैं. इनका आकार कुछ-कुछ मधुमक्खी के छत्ते जैसा दिखाई देता है. महल में कुल 953 झरोखे हैं, जिन्हें बेहद खूबसूरती से बनाया गया है. इन खिड़कियों पर बारीक जालियां लगी हैं, जो महल की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ हवा के आने-जाने का रास्ता भी बनाती हैं. जयपुर में गर्मी काफी पड़ती है, ऐसे में इन झरोखों की बनावट महल के भीतर हवा का प्रवाह बनाए रखने में मदद करती थी. बाहर से देखने पर भले ही यह इमारत काफी भव्य नजर आती हो, लेकिन इसकी वास्तुकला में आराम और जरूरतों का भी खास ध्यान रखा गया था. यही कारण है कि इसे हवा महल नाम दिया गया.
शाही महिलाएं झरोखों से देखती थीं बाजार का नजारा
हवा महल को बनवाने के पीछे एक और खास वजह थी. उस दौर में राजघराने की महिलाएं पर्दा प्रथा का पालन करती थीं और आम लोगों के बीच सार्वजनिक जगहों पर नहीं जाती थीं. ऐसे में उनके लिए शहर की गतिविधियों को देखना आसान नहीं होता था. हवा महल के झरोखों को इस तरह बनाया गया था कि शाही महिलाएं इनके पीछे रहकर बाहर का नजारा देख सकें. वो बाजार में लोगों की आवाजाही, उत्सव और आसपास होने वाली गतिविधियों को बिना सामने आए देख पाती थीं. तीज और गणगौर जैसे त्योहारों के दौरान शहर में निकलने वाली शोभायात्राओं को देखने के लिए भी इन झरोखों का इस्तेमाल किया जाता था. महल के पीछे से सिटी पैलेस की ओर जाने वाला रास्ता भी इसे शाही परिसर से जोड़ता था.
बिना पारंपरिक नींव के खड़ा है पांच मंजिला महल
हवा महल की वास्तुकला से जुड़ी एक और बात लोगों को हैरान करती है. बताया जाता है कि इसे पारंपरिक नींव के बिना बनाया गया था. इसकी संरचना थोड़ी घुमावदार है और करीब 87 डिग्री के कोण पर झुकी हुई बताई जाती है. इसके बावजूद यह इमारत वर्षों से मजबूती के साथ खड़ी है. महल की ऊंचाई लगभग 50 फीट है और इसमें कुल पांच मंजिलें हैं. इन पांचों मंजिलों के नाम भी काफी दिलचस्प हैं. पहली मंजिल शरद मंदिर, दूसरी रतन मंदिर, तीसरी विचित्र मंदिर, चौथी प्रकाश मंदिर और पांचवीं हवा मंदिर के नाम से जानी जाती है. हर मंजिल की अपनी खासियत है, जो इस महल की खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व को बढ़ाती है. हवा महल को आज जयपुर की सबसे खास ऐतिहासिक इमारतों में गिना जाता है. इसकी खिड़कियां, राजसी डिजाइन और निर्माण से जुड़ी कहानियां इसे सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि राजस्थान की विरासत का हिस्सा बनाती हैं. यही वजह है कि जयपुर आने वाले पर्यटक इस महल को देखे बिना अपनी यात्रा अधूरी मानते हैं.

मैं निशांत कुमार, News18 Hindi में पत्रकार हूं. फिलहाल मैं यहां ऑफबीट सेक्शन में हूं. मुझे विदेश (इंटरनेशनल) से जुड़ी खबरों में भी गहरी रुचि है. खबरों से संबंधित किसी भी जानकारी या संपर्क के लिए आप मुझे इस ईमेल…
और पढ़ें
