गांव में मिल रही 1 लाख की सैलरी, बच रहे ज्यादातर पैसे, फिर भी शहर शिफ्ट होना चाहता है इंजीनियर, जानिए क्यों?
Last Updated:
एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गांव में रहकर हर महीने 1 लाख रुपये कमा रहा है और अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा बचा भी रहा है. इसके बावजूद गांव में जिम, कैफे और मनोरंजन के साधन न होने से वह बोर हो गया है. अब वह बेहतर लाइफस्टाइल के लिए करीब 80 किलोमीटर दूर कोटा शिफ्ट होने के बारे में सोच रहा है.
गांव में बैठे-बैठे एक इंजीनियर को लाख रुपये मिल रहे हैं, फिर भी वह शहर में जाकर रहना चाहता है(फोटो: Ai Generated Image)
आज के दौर में बहुत से लोग ऐसी नौकरी का सपना देखते हैं, जिसमें घर बैठे अच्छी सैलरी मिले और शहर के महंगे किराये और रोजमर्रा के खर्चों से भी छुटकारा मिल जाए. राजस्थान के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को यह सुविधा मिली हुई है. वह अपने गांव में परिवार के साथ रहकर हर महीने करीब 1 लाख रुपये कमा रहा है. न उसे मकान का किराया देना पड़ता है और न ही खाने-पीने पर मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है. इसके बावजूद अब उसका मन गांव में नहीं लग रहा है. वह शहर जाकर रहने के बारे में सोच रहा है. इसकी वजह कम सैलरी या काम का दबाव नहीं, बल्कि जिंदगी में कुछ नया करने और घूमने-फिरने की कमी है. इस इंजीनियर ने अपनी परेशानी रेडिट पर शेयर की है. उसकी पोस्ट के बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या अच्छी कमाई और ज्यादा बचत ही खुशहाल जिंदगी के लिए काफी हैं, या फिर काम के अलावा मनोरंजन और बाहर की दुनिया से जुड़ना भी जरूरी है?
दरअसल, रेडिट पर अपनी बात रखते हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि वह फिलहाल राजस्थान के अपने गांव में रह रहा है और वहीं से वर्क फ्रॉम होम कर रहा है. उसके पास करीब एक साल का काम करने का अनुभव है और उसे हर महीने 1 लाख रुपये की सैलरी मिलती है. आर्थिक लिहाज से देखें तो उसकी मौजूदा जिंदगी काफी अच्छी है. गांव में रहने की वजह से उसे मकान का किराया नहीं देना पड़ता. खाने-पीने और दूसरे जरूरी खर्चों पर भी ज्यादा पैसे खर्च नहीं होते. ऐसे में उसकी सैलरी का बड़ा हिस्सा बच जाता है. परिवार के साथ रहने की सुविधा भी है. यानी जिस तरह शहरों में नौकरी करने वाले युवाओं को हर महीने किराया, बिजली, राशन और बाहर खाने पर अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती है, वैसी परेशानी उसे नहीं है. लेकिन इंजीनियर के मुताबिक, सिर्फ पैसे बचा लेना ही जिंदगी का मकसद नहीं हो सकता. आर्थिक रूप से सब कुछ ठीक होने के बावजूद वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से खुश नहीं है.
न जिम है, न कैफे और न ही घूमने-फिरने की जगह
इंजीनियर ने बताया कि गांव में रहने का सबसे बड़ा फायदा कम खर्च है, लेकिन यहां मनोरंजन और बाहर निकलने के विकल्प लगभग न के बराबर हैं. उसके आसपास न कोई जिम है, न थिएटर और न ही कैफे. यहां तक कि जोमैटो और स्विगी जैसी फूड डिलीवरी सेवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में वीकेंड पर भी उसके पास करने के लिए कुछ खास नहीं होता. उसका कहना है कि कई बार मन करता है कि घर से बाहर निकले, किसी अच्छी जगह पर खाना खाए, फिल्म देखे या दोस्तों के साथ कहीं घूमने चला जाए. लेकिन गांव में ऐसी सुविधाएं नहीं हैं. नतीजा यह है कि उसका हर दिन लगभग एक जैसा गुजर रहा है. वह सुबह उठता है, लैपटॉप पर काम करता है, खाली समय में फोन चलाता है और फिर सो जाता है. अगले दिन यही सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता है. धीरे-धीरे यह रूटीन उसे बोर करने लगा है. उसके लिए परेशानी सिर्फ इतनी नहीं है कि गांव में पार्टी या मौज-मस्ती की जगह नहीं है, बल्कि उसे लगता है कि काम के अलावा उसकी जिंदगी में कुछ और भी होना चाहिए.
