Mp में जमकर बरसेंगे बादल:पांच जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट; 20 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी – Major Rain Alert For Mp: Extremely Heavy Rainfall In 5 Districts; Over 2.5 Inches Of Rain Expected In 20 Distr
मध्य प्रदेश में मंगलवार को बारिश का जोर बना रहेगा। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में ढाई इंच से ज्यादा पानी गिरने की संभावना है। वहीं 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, कटनी, शहडोल, छतरपुर, पन्ना, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है।
भोपाल समेत 30 जिलों में बारिश का दौर
भोपाल, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, डिंडौरी, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश जारी रहने का अनुमान है।
करैरा में 5.4 इंच बारिश
बीते 24 घंटे में नर्मदापुरम में औसतन 3.7 इंच बारिश दर्ज हुई। शिवपुरी के करैरा में 5.4 इंच, निवाड़ी के ओरछा में 3.3 इंच, सागर के रहली में 3 इंच, भोपाल के कोलार में 3.2 इंच, नवीबाग में 3.1 इंच और भोपाल शहर में 3 इंच पानी गिरा। लगातार बारिश के बीच शहडोल में सोमवार रात बाणसागर बांध के तीन गेट आधा-आधा मीटर खोले गए। जलस्तर और बांध में पानी की आवक पर नजर रखी जा रही है।
निम्न दबाव क्षेत्र और द्रोणिका का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र और द्रोणिका सक्रिय है। इसके चलते कई इलाकों में बारिश का सिलसिला बना हुआ है। अगले तीन दिन तक कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति रह सकती है।
40 जिलों में अब भी बारिश सामान्य से कम
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी दर्ज की गई है। कई जिलों में सामान्य से 6 से 51 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। पश्चिमी हिस्से के भी 24 जिलों में सामान्य से 1 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है।
15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश में मानसूनी सीजन के दौरान सामान्य बारिश 37.3 इंच मानी जाती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सामान्य बारिश 38 से 39 इंच के आसपास रहती है।
यह भी पढ़ें-भोपाल में फिर झमाझम, 24 घंटे में नर्मदापुरम में 3.7 इंच पानी, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
जून की कमी अब तक बरकरार
जून में प्रदेश में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई में अच्छी बारिश के बावजूद मानसून के बीच में कमजोर पड़ने से कई दिन सूखे रहे। बाद में सक्रिय हुए मजबूत तंत्र से बारिश का आंकड़ा बढ़ा, लेकिन जून की कमी पूरी नहीं हो सकी।
