बुलंदशहर। शहर में सोमवार को द्वितीय बरन फुटबाल कप का आयोजन किया गया। अंडर-15 वर्ग के फाइनल मुकाबले में नोएडा फुटबाल क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। सीनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में उत्तर यूनाइटेड फुटबाल क्लब बुलंदशहर ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता में अंडर-15 और सीनियर वर्ग की टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। अंडर-15 वर्ग में डीपीएस बुलंदशहर की टीम उपविजेता रही। सीनियर वर्ग में गंगा यूनाइटेड की टीम को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष शाह फैसल रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत शर्मा और जिला खेल अधिकारी नूर हसन रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
शाह फैसल ने कहा कि फुटबाल जैसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।