Sitapur News:चकमा दे रही बाघिन के फिर मिले पगचिह्न – Fresh Pugmarks Found Of The Tigress That Has Been Giving The Slip
संदना। बाघिन की सक्रियता इलाके में लगातार बनी हुई है। सोमवार को सरायन नदी की तलहटी में रसुलवा गांव के पास फिर बाघिन के ताजा पग चिह्न मिले हैं। बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग की सात टीमें लगाई गई हैं। गांव में कमांड सेंटर भी बनाया गया है। इसके बाद भी किसान को निवाला बनाने के 110 दिन तक बाघिन वन विभाग की पकड़ से दूर है। मिश्रिख वन रेंज में रसुलवा निवासी किसान कमल किशोर पर खेत में काम करते समय बाघिन ने गत 15 जुलाई को हमला किया था जिससे किसान की मौत हो गई थी।
घटनास्थल पर मिले पग चिह्न व अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद वन विभाग ने बाघिन की पुष्टि की थी। गांव में कमांड सेंटर बनाकर ड्रोन कैमरे से भी बाघिन की तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार को रसुलवा के पास सरायन नदी की तलहटी में फिर बाघिन के ताजा पग चिह्न मिले हैं। मिश्रिख रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि बाघिन को पकड़ने के लिए पिंजरे की लोकेशन भी बदली जा रही है। रसुलवा में लगे पिंजरे को सरायन नदी के किनारे पग चिह्न वाले स्थान पर लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। किसान राजा सिंह ने बताया कि तीन महीने से अधिक समय बीत गया है, लेकिन बाघिन के पकड़े न जाने से डर कम नहीं हो रहा है। ऐसे में खेतों में काम करना मुश्किल हो रहा है।
