Siddharthnagar News:परशुराम वाटिका में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयघोष से गूंजा राप्ती तट – Siddharthnagar News: A Massive Surge Of Devotees At Parshuram Vatika; The Banks Of The Rapti River Resonate With Chants
जागरण में भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु, बटुकों ने प्रस्तुत की आकर्षक झांकी
डुमरियागंज। राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में सोमवार को नवनिर्मित भगवान परशुराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत उत्सव भोज और भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने जय परशुराम और जय श्रीराम के जयघोष के साथ भगवान परशुराम के दर्शन किए। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। उत्सव भोज में भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। जागरण कार्यक्रम में जागरण सम्राट धर्मेंद्र पंडित ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने ””ये परशुराम की माटी, ये मेरे राम की माटी”” और ””भगवान परशुराम ने बताया कि भारत है किसकी माटी”” जैसे गीतों के माध्यम से भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों को प्रस्तुत किया। वहीं राम मंदिर और राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों पर श्रद्धालु देर शाम तक झूमते रहे।
इस दौरान श्रीराम जानकी गुरुकुलम के बटुकों ने भगवान परशुराम का वेश धारण कर आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। झांकी का लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। पूरा परिसर जय परशुराम और जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम का जन्म धरती पर बढ़ रहे अन्याय, अधर्म और पापकर्मों के विनाश के लिए हुआ था। उनके जीवन से सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर सदर विधायक श्यामधनी राही, बांसी विधायक राजा जय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, फतेह बहादुर सिंह, रामकुमार कुंवर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
