Ambedkar Nagar News:मोलनापुर में 2.22 करोड़ रुपये से बनेगा लघु सेतु – A Small Bridge Will Be Built In Molnapur At A Cost Of Rs 2.22 Crore
अंबेडकरनगर। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के मोलनापुर में बरसाती नाले पर लघु सेतु निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 2.22 करोड़ रुपये की इस परियोजना को प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। पुल बनने से मोलनापुर समेत आसपास के गांवों के करीब 30 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
परियोजना के लिए शासन ने पहली किस्त के रूप में 44.43 लाख रुपये आवंटित किए हैं। शेष धनराशि भी बजट के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ओर से कराया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर शुरू होगा निर्माण
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्विनी पांडेय ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इसके लिए विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
बरसात में आवागमन की समस्या होगी दूर
मोलनापुर में बरसाती नाले पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। नाले में पानी बढ़ने पर रास्ता प्रभावित हो जाता है। पुल निर्माण की मंजूरी मिलने पर रोहन अग्रहरि, शेखर यादव, शेर बहादुर यादव, भीमसेन और अजीत ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सेतु बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और बरसात में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।
