बरेली में भाजपा की ओर से मंगलवार को शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी साथ होंगे। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समर्थकों समेत करीब 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय परिसर में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने तैयारियों की समीक्षा कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि पदयात्रा स्वयंवर बरातधर से शुरू होकर बांके बिहारी मंदिर होते हुए शिवाजी चौक (शील चौराहा) पहुंचेगी। फिर शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर पदयात्रा का समापन होगा। कार्यकर्ताओं की सहभागिता, जनसंपर्क, मार्ग व्यवस्था अन्य तैयारियों पर चर्चा की।
इन पांच स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था
पदयात्रा में शामिल होने वालों के वाहनों के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बसों और कारों की पार्किंग डेलापीर गल्ला मंडी, आईवीआरआई के पूर्वी गेट, इज्जतनगर स्टेशन के पीछे आरपीएफ पोस्ट के पास, मिनी बाइपास पर निर्माणाधीन बस अड्डे और स्टेडियम में होगी।