Jind News:गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग – Demand To Set The Price Of Sugarcane At Rs 600 Per Quintal
नरवाना। शहर की नई अनाज मेला मंडी में किसान रेस्ट हाउस में मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा की बैठक हुई। बैठक में किसान नेताओं ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, मंडियों में धान का उठान तेज करवाने और बाजरे की सरकारी खरीद जारी रखने की मांग उठाई गई।
दिल्ली किसान आंदोलन के छह साल पूरे होने पर आंदोलन के लंबित मुद्दों को लेकर 26 नवंबर को बहादुरगढ़ में राज्य स्तरीय प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सुरेश कोथ और कुलदीप पूनिया ने की।
बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार गन्ने की खेती करने वाले किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है जबकि सरकार ने इस वर्ष गन्ने के भाव में केवल 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। किसान नेताओं ने कहा कि दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों की याद में दिल्ली बॉर्डर पर स्मारक बनाने सहित कई मांगें अब तक लंबित हैं।
26 नवंबर को बहादुरगढ़ में प्रदर्शन कर इन मांगों को उठाया जाएगा। उन्होंने हरियाणा की मंडियों में धान का उठान नहीं होने से किसानों और आढ़तियों को हो रही परेशानी पर भी चिंता जताई।
नेताओं ने आरोप लगाया कि मंडियां धान से भरी पड़ी हैं और उठान में देरी के कारण किसानों को फसल डालने के लिए जगह नहीं मिल रही। कई जगह किसानों की फसल एमएसपी से कम भाव पर बिक रही है।
उन्होंने बाजरे की सरकारी खरीद बंद नहीं करने और धान खरीद में किसानों की लूट रोकने की मांग की। बैठक में मास्टर बलबीर सिंह, रतन मान, डॉ. सुखदेव जम्मू, रणबीर मलिक, सतीश आजाद, जिया लाल, सुमित दलाल, राजीव मलिक, करनैल सिंह, सुनील कुंडू, बलवान सिंह, सतबीर खरल, चंद्रभान दबलैन और सिक्किम नैन मौजूद रहे।
