Sonebhadra News:क्रशर परिसर में टीपर के पुर्जे खोलकर कबाड़ में बेचे, सिर्फ इंजन बचा – Parts Of A Tipper Truck Were Dismantled And Sold As Scrap At The Crusher Site; Only The Engine Remains
ओबरा। बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र के रासपहाड़ी स्थित एक क्रशर परिसर में खड़े टीपर के कल-पुर्जे खोलकर कथित तौर पर कबाड़ में बेच दिए गए। मौके पर सिर्फ इंजन बचा मिला, जबकि चेसिस, बॉडी और अन्य पुर्जे गायब थे। मंगलवार को वाहन बेचने के लिए खरीदार के साथ पहुंचे मालिक ने टीपर की हालत देखी तो दंग रह गया। उसने क्रशर संचालक पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। टीपर मालिक श्याम बहादुर सिंह के मुताबिक, उनका वाहन रासपहाड़ी स्थित एक क्रशर पर पत्थर ढुलाई के काम में लगा था। कुछ समय पहले काम बंद होने पर उन्होंने क्रशर संचालक को जानकारी देकर टीपर परिसर में ही खड़ा कर दिया था। मंगलवार को वह संभावित खरीदार के साथ वाहन दिखाने पहुंचे तो वहां सिर्फ इंजन जमीन में दबा मिला। वाहन के बाकी हिस्से गायब थे। श्याम बहादुर सिंह ने आसपास तलाश की और क्रशर संचालक से पूछताछ की, लेकिन संचालक ने घटना की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वाहन मालिक ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी गाड़ी को खोलकर उसके पुर्जे बेचने का काम बिना मिलीभगत के संभव नहीं है। उसने क्रशर संचालक की संलिप्तता की आशंका जताई और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ओबरा प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि मामला बिल्ली-मारकुंडी क्षेत्र स्थित अग्रवाल स्टोन का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर तथ्यों का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
