शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
संभल

पीएम फसल बीमा योजना में निरस्त किए गए दावों की दोबारा कराई जाए जांच :सांसद – Claims Rejected Under The Pm Fasal Bima Yojana Should Be Re-examined: Mp

November 3, 2026


बहजोई। कलक्ट्रेट सभागार में सपा सांसद जियाउर्ररहमान बर्क की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इस बीच, सांसद की ओर से पीएम फसल बीमा योजना में निरस्त किए गए दावों की दोबारा जांच कराए जाने के निर्देश दिए गए।

मंगलवार को हुई बैठक में सांसद ने कहा कि दिशा की बैठक प्रत्येक तीन माह बाद नियमित रूप से आयोजित की जाए। साथ ही, पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा सके।

वहीं, वीबी-जीरामजी की समीक्षा के दौरान सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने बताया कि योजना के तहत 375 प्रकार के कार्य अनुमन्य हैं। वहीं, वर्ष 2026-27 में अक्तूबर माह तक 2.75 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। साथ ही, 817.26 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण, पौधरोपण, तालाब व नालों से जुड़े कार्य, एससी व एसटी के लाभार्थियों के लिए खेल मैदान व भूमि विकास आदि कार्य कराए जाते हैं।

दीनदयाल अंत्योदय योजना की समीक्षा के दौरान गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव ने कहा कि बैंकों की ओर से लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने में ढिलाई बरती जा रही है। वहीं, सड़कों को दुरुस्त कराने का सुझाव दिया।

इस बीच, सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़कों का निरीक्षण करने को कहा। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निरस्त किए गए सभी दावों की कृषि विभाग की ओर से दोबारा जांच कराने व निरस्त दावों की सूची उपलब्ध की बात कही। इस बीच, सांसद ने एनएचएआई की ओर से बनाए जा रहे अलीगढ़ से संभल तक बनने वाले मार्ग की प्रगति की जानकारी भी ली। साथ ही, उन्होंने डूडा व मंडी समिति के तहत बनने वाली सड़कों के लिए जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

सांसद ने कहा कि शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि व संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिलने को लेकर नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके अलावा, जल निगम ग्रामीण के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गईं सड़कों की मरम्मत की स्थिति की जांच के लिए समिति गठित की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द ठीक कराया जाए।

वहीं, राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से बैठक में उठाईं समस्याओं व दिए गए सुझावों को लेकर गंभीरता दिखाई जाए। साथ ही, समय रहते समस्याओं का निस्तारण कराया जाए। इस अवसर पर बैठक में गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, संभल विधायक इकबाल महमूद, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान समेत असमोली विधायक के प्रतिनिधि गुल्लू यादव, चंद्रसेन दिवाकर, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, पीडी अखिलेश कुमार चौबे, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक व सुरेश प्रजापति आदि रहे।

इनसेट

—————

खनन अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश

कलक्ट्रेट सभागार में हुई दिशा की बैठक में गैरहाजिर रहने पर सांसद की ओर से खनन अधिकारी शिवम कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने निर्देश दिए गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X