शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बरेली

Bareilly News:नेपाल जा रही टूरिस्ट बस ट्रक से टकराई, एक की मौत, 15 घायल – Tourist Bus Heading To Nepal Collides With A Truck; One Dead, 15 Injured

November 4, 2026


बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही एक टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। ड्राइवर व दो बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक बस में सवार सभी यात्री नेपाल और सीमावर्ती इलाके के मजदूर थे। ये मजदूर हिमाचल प्रदेश के सेब बागानों में काम करते थे और दिवाली मनाने अपने घर लौट रहे थे। यह बस जय पशुपति नाथ टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी की थी। हादसा मंगलवार सुबह पौने चार बजे करीब धनेटा रेलवे फाटक के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, बस चालक को झपकी आने से यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में चीखपुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस टीमें मौके पर पहुंची। उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

——

घायलों को भर्ती कराया, शव की पहचान के प्रयास

फतेहगंज पश्चिमी। हादसे में घायल यात्रियों को मीरगंज सीएचसी, खिरका सीएचसी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार चल रहा है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मीरगंज सीएचसी में भर्ती घायलों में राम बहादुर सुनार निवासी भटिया, नेपाल, रतना पुत्र वरता, विमला पत्नी रतना, सुबरना पुत्री रतना, रोहित पुत्र सुधीप, सुधीप पुत्र तिलवीर, संदेश पुत्र सत्यम और देवेश राज पुत्र शिवराज शामिल हैं। इनके अलावा अमर बहादुर, साविल और राम बहादुर भी घायल हुए हैं। सभी नेपाल के निवासी हैं।

—–

ट्रक चालक की तलाश जारी

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि बस सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकराई थी। हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। यह भी जांच कर रही है कि ट्रक सड़क पर क्यों खड़ा था। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। वैसे ज्यादा संभावना बस ड्राइवर के नींद में होने की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X