Moradabad News:क्रिकेट में टोपाज और बास्केटबॉल में रूबी हाउस जीता – Topaz House Won In Cricket, And Ruby House Won In Basketball
मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में चल रही तीन दिवसीय इंटर हाउस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में मंगलवार को क्रिकेट और बास्केटबॉल के मुकाबले खेले गए। जूनियर-सीनियर बालक वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता में टोपाज हाउस ने सैफायर हाउस को दो रन से हराकर खिताब जीता। वहीं बालिका वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रूबी हाउस ने सैफायर हाउस को 2-0 से हराकर चैंपियन बना।
क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में एमरल्ड हाउस की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 14 रन पर सिमट गई। जवाब में सैफायर हाउस ने बिना विकेट गंवाए दो ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। दूसरे सेमीफाइनल में टोपाज हाउस ने छह ओवर में दो विकेट पर 49 रन बनाए। जवाब में रूबी हाउस की टीम दो विकेट पर 37 रन ही बना सकी। फाइनल में टोपाज हाउस ने एक विकेट पर 34 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैफायर हाउस की टीम तीन विकेट पर 32 रन ही बना सकी। इस तरह टोपाज हाउस ने दो रन से जीत दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि सैफायर हाउस उपविजेता रहा।
बास्केटबॉल के बालिका वर्ग में रूबी हाउस ने टोपाज हाउस को 2-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में सैफायर हाउस ने एमरल्ड हाउस को 1-0 से शिकस्त दी। फाइनल में रूबी हाउस ने सैफायर हाउस को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। सैफायर हाउस को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिताओं का संचालन खेल प्रशिक्षक शाहवेज अली, आरपी सिंह, हुमाम अहमद, कीर्ति बाजपेयी, नासिर हुसैन, सावन देओल ने किया। बुधवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन जूनियर और मिडिल विंग के बालक-बालिका वर्ग में फुटबॉल के मुकाबले होंगे। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह के साथ खेल महोत्सव का समापन होगा।
