शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
देहरादून: मैदान में सियासी जंग, मोबाइल पर Ai वार, भाजपा कर रही कांग्रेस की घेराबंदी, बिग बॉस के अंदाज में नेता – Ai Videos Politics Bjp Targets Congress In Uttarakhand Through Ai Videos Ahead Of Assembly Elections
रुद्रप्रयाग

देहरादून: मैदान में सियासी जंग, मोबाइल पर Ai वार, भाजपा कर रही कांग्रेस की घेराबंदी, बिग बॉस के अंदाज में नेता – Ai Videos Politics Bjp Targets Congress In Uttarakhand Through Ai Videos Ahead Of Assembly Elections

November 4, 2026


आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सत्ताधारी भाजपा मैदान से लेकर मोबाइल तक कांग्रेस की घेराबंदी करने में जुट गई है। भाजपा उत्तराखंड के सोशल मीडिया हैंडल से कांग्रेस का बिग बॉस नाम से सिलसिलेवार एआई वीडियो जारी की जा रही हैं, जिनमें राज्य के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को निशाने पर लिया गया है। मकसद नजर आ रहा है कि हर मोबाइल के माध्यम से एआई नैरेटिव चलाया जा सके।

कांग्रेस की न्याय यात्रा, भूमि बचाओ अभियान, भ्रष्टाचार के आरोपों पर चल रही मैदानी लड़ाई के सामने वैसे तो भाजपा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा चला रही है। लेकिन, इस बीच भाजपा के सोशल मीडिया पेजों पर स्क्रॉल करते ही एक नया ड्रामा नजर आ रहा है, जिसका नाम है कांग्रेस का बिग बॉस।

इस डिजिटल शो में कांग्रेस के दिग्गज हरीश रावत, गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह किसी अखाड़े के पहलवानों की तरह एक-दूसरे से भिड़ते, कुर्सियां खींचते और एक-दूसरे की टांग खींचते नजर आ रहे हैं। फर्क बस इतना है कि यह कोई असली फुटेज नहीं, बल्कि एआई से बनी हुई हैं।

रियलिटी शो का लगाया तड़का

राजनीति में तकनीकी को बढ़ावा देने वाले विशेषज्ञ मानते हैं कि लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस की व्यूअरशिप इतनी नहीं, जितना तेजी से 30 सेकंड की एआई रील हर फोन तक पहुंचती है। बिग बॉस के बैकग्राउंड म्यूजिक, लाउड सायरन और ड्रामैटिक आवाजों के साथ कांग्रेस नेताओं के चेहरों को एनिमेट कर दिखाया जा रहा है कि पार्टी में हर कोई खुद को कप्तान मान रहा है। भाजपा, कांग्रेस की आपसी कलह को सीधा मीम और रील्स के जरिये आम जनता के मनोरंजन बनाने का प्रयास करती नजर आ रही है।

ये भी पढे़ं…उत्तराखंड: चुनाव के लिए इस महीने शुरू होगा ईवीएम प्रचार का बड़ा अभियान, 16 नवंबर से पहुंचेगी आयोग की टीमें

वोट चोरी-भ्रष्टाचार का भाजपा पर जवाब नहीं, जनता जवाब देगी

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि वोट चोरी का जो देशव्यापी आंदोलन बन गया है, उससे भाजपा बौखलाई हुई है। राज्य में रेखा-गिरधारी प्रकरण के साथ भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है। खनन, आबकारी के साथ ही महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध प्रदेश की जनता के बीच बड़ा मुद्दा बन गया है। इन सबका भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। अब अंडर से बेल्ट हिट करने लगे हैं। भाजपाई सभी सीमाएं लांघ रहे हैं। जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली। 10 साल का कुशासन जो जनता ने झेली है, अब जनता उनसे मुक्ति चाहती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X