Kotdwar News:मौसम में उतार-चढ़ाव से बच्चों में हैंड, फुट, माउथ डिसीज का बढ़ा खतरा – Fluctuations In Weather Increase The Risk Of Hand, Foot, And Mouth Disease In Children
कोटद्वार। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर तो पड़ ही रहा है, अब छोटे बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों में हैंड फुट माउथ डिजीज (एचएफएमडी) के मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमण से प्रभावित पांच से सात बच्चे रोजाना उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर होने से बच्चों का स्वास्थ्य अधिक प्रभावित हो रहा है। अस्पताल पहुंच रहे बच्चों में हैंड फुट माउथ डिसीज के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। इस बीमारी में बच्चों की हथेलियों, पैरों के तलवों और मुंह व होठों के आसपास लाल रंग के दाने और चकत्ते पड़ रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों को बुखार आने और भूख कम लगने जैसी परेशानियां भी हो रही हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार का कहना है कि यह एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों को प्रभावित करती है। संक्रमित बच्चे के संपर्क में आने से दूसरे बच्चों में भी संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की साफ-सफाई और खानपान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उनका कहना है कि जानकारी के अभाव और जरूरी सावधानियां नहीं बरतने के कारण बच्चों में यह संक्रमण फैल रहा है।
.
चिकित्सीय परामर्श
सीमित अंतराल के बाद साबुन से हाथ धुलवाएं।
बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खानपान का ध्यान रखें।
घर हो या स्कूल, संक्रमित बच्चों को अन्य बच्चों से दूर रखें।
लक्षण दिखाई देने पर बिना लापरवाही चिकित्सकीय परामर्श लें।
