शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:अखाड़ा परिषद अध्यक्ष पुरी ने बागेश्वर बाबा को दी क्लीन चिट, यूपी पर बोले- योगी तीसरी बार बनेंगे सीएम – Ravindra Puri Gives Clean Chit To Dhirendra Shastri In Ujjain, Says – Tongue Slipped, Intent Was Not Wrong
उज्जैन

उज्जैन:अखाड़ा परिषद अध्यक्ष पुरी ने बागेश्वर बाबा को दी क्लीन चिट, यूपी पर बोले- योगी तीसरी बार बनेंगे सीएम – Ravindra Puri Gives Clean Chit To Dhirendra Shastri In Ujjain, Says – Tongue Slipped, Intent Was Not Wrong

November 4, 2026


भगवान श्रीकृष्ण की मुद्रा को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर उज्जैन में मचे घमासान के बीच अब अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीन चिट देते हुए कहा कि उनकी जुबान फिसल गई थी, उनका भाव गलत नहीं था।

बुधवार को उज्जैन पहुंचे रविंद्र पुरी महाराज निरंजनी अखाड़े में अपने भक्तों से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया से यूपी चुनाव, बागेश्वर धाम और उज्जैन कुंभ की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर खुलकर बात की।

धीरेंद्र शास्त्री को दी क्लीन चिट

रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि शास्त्री जी बहुत ही युवा संत हैं, बहुत अच्छे व्यक्ति हैं और भगवान श्रीकृष्ण को मानने वाले हैं। जाने-अनजाने में ऐसा हो जाता है। हमसे भी होता है, सबसे हो जाता है। कभी टंग स्लिप हो जाता है, कभी जुबान फिसल जाती है, कभी भाव में आकर आदमी बोल जाता है। उन्होंने कहा कि इस बात को ज्यादा तूल देना उचित नहीं है, ज्यादा सीरियस लेना भी ठीक नहीं है। वो भगवान कृष्ण के भक्त हैं, स्वयं कथा करते हैं और इस समय भारत के सबसे बड़े कथाकार हैं। उनका भाव कभी ऐसा नहीं था, जाने-अनजाने में हो गया। अब इसको ज्यादा प्रचारित करना सही नहीं है। बता दें, इससे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर के पुजारी, जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर और साध्वी हर्षानंद गिरि ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि भगवान राम और कृष्ण एक ही हैं, उनमें भेद करना ठीक नहीं है।

ये भी पढ़ेंं- बाबा बागेश्वर के खिलाफ मोर्चाबंदी: पुजारी-महामंडलेश्वर और हर्षानंद गिरि विरोध में, बोले- ईशनिंदा पर बने कानून

अखिलेश पर कसा तंज, योगी-धामी की जीत का दावा

यूपी चुनाव को लेकर रविंद्र पुरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय राम-राम जपना, पराया माल अपना – वो नहीं होगा। जिन्होंने पहले से काम किया है, जनता उन्हीं को चाहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश हिंदुओं को अलग-अलग करना चाहते हैं, बांटना चाहते हैं, बंटवारे की राजनीति करना चाहते हैं। यह अच्छी बात नहीं है। सभी सनातनी एक हैं। योगी जी तीसरी बार सीएम बनने वाले हैं, उत्तराखंड में भी धामी जी तीसरी बार आने वाले हैं।

उज्जैन में चल रहे कामों की जमकर तारीफ

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब हम उज्जैन आते हैं तो बहुत अच्छा लगता है। चारों ओर विकास ही विकास है। पुल बन रहे हैं, रास्ते बन रहे हैं, घाट बन रहे हैं, बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार का कुंभ दिव्य और भव्य होगा, न भूतो न भविष्यति। ऐसा कुंभ न पहले हुआ था और आगे होना भी मुश्किल है। मोहन यादव सरकार ऐसा कुंभ करने जा रही है कि जितनी प्रशंसा करूं, उतनी कम है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X