शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:मकान में चल रही थी नकली टाटा नमक की पैकिंग – Police Raid In Katrari Leads To The Seizure Of 425 Packets, 4,320 Empty Wrappers, And A Packing Machine; An Fir Has Been Registered Against The House Owner

November 4, 2026


परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी गांव में एक मकान में टाटा नमक के नाम पर नकली उत्पाद तैयार करने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत जांचकर्ता की सूचना पर पुलिस ने मकान में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नमक और पैकिंग सामग्री बरामद की। मामले में मकान मालिक श्यामू प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दिल्ली निवासी नीरज गौड़ ऐश्वर आईपी प्रोटेक्शन एजेंसी में जांचकर्ता हैं। उनकी एजेंसी को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने नकली उत्पाद बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। नीरज गौड़ के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि श्यामदेउरवा बाजार में टाटा नमक के नाम पर नकली उत्पाद तैयार कर बेचे जा रहे हैं। जांच के दौरान कतरारी गांव स्थित एक मकान में नमक की पैकिंग किए जाने की जानकारी मिली।

इस पर उन्होंने एक नवंबर को पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ मकान पर पहुंचकर तलाशी ली गई तो एक कमरे में 425 पैकेट तैयार नमक मिले। इसके अलावा 4320 खाली रैपर, करीब 25 किलो खुला नमक और पैकिंग करने वाली इलेक्ट्रिक मशीन मिली। जांचकर्ता ने आरोप लगाया कि बरामद उत्पाद कंपनी के असली उत्पाद से मेल नहीं खाते हैं।

मकान मालिक की पहचान गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के बनचरा निवासी श्यामू प्रसाद के रूप में हुई। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X