शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:तिगरी मेले में प्रशासन ने सरकारी तंत्र के लिए जमीन कब्जे में ली, जल्द बसेगा तंबुओं का शहर – For The Tigri Mela, The Administration Has Taken Possession Of Land To Set Up Government Infrastructure; A Tent City Will Soon Come Up

November 4, 2026


गजरौला। तिगरी गंगा मेले की तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। मेला परिसर में प्रशासन ने सरकारी तंत्र के संचालन के लिए जमीन अपने कब्जे में लेकर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। जमीन घेरकर शेड लगा दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मचान और टावर बनाने का काम तेज कर दिया है। जल निगम ग्रामीण की ओर से श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हैंडपंप लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने भी मेला परिसर में डेरा डालकर सुरक्षा संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

तिगरी गंगा तट पर करीब पांच किलोमीटर के दायरे में तंबुओं का शहर बसता है। 20 नवंबर देवोत्थान एकादशी पर पूजन के साथ मेले की विधिवत शुरुआत होगी, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। 15 नवंबर के बाद श्रद्धालु पहुंचने लगेंगे। इस बार मेले में करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक विभागों ने अपने स्तर से तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में मनोरंजन के लिए झूले और अन्य साधन लगाने वाले संचालक पहले ही पहुंच गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में मचान और निगरानी टावर बनाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र को करीब 22 सेक्टरों में बांटा गया है। जरूरत पड़ने पर दो सेक्टर और बढ़ाकर इनकी संख्या 24 की जा सकती है। प्रत्येक सेक्टर में अस्थायी पुलिस चौकी और टावर बनाए जा रहे हैं।

मेलाधिकारी एवं एडीएम गरिमा सिंह ने बताया कि तिगरी मेले की तैयारियां तेजी से पूरी कराई जा रही हैं। सभी संबंधित विभागों को समय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को मेले के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

18 समितियां संभाल रहीं व्यवस्थाएं

मेले को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 18 समितियों का गठन किया है। इनमें टेंट एवं फर्नीचर, घाट एवं बैरियर, अस्थायी मार्ग एवं टिन फेंसिंग, विद्युत, बाढ़ कटान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड हब, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई, दुकानों के आवंटन, विकास एवं कृषि प्रदर्शनी, पंडाल एवं भूमि आवंटन, खेल विकास, सुरक्षा और नेटवर्क व्यवस्था से जुड़ी समितियां शामिल हैं। इसके अलावा मेला संपन्न होने के बाद सफाई, स्मारिका, लोगो एवं वेबसाइट तथा कॉफी टेबल बुक की जिम्मेदारी भी अलग-अलग समितियों को सौंपी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X