शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:एक्यूआई 300 पार…4 निर्माण कार्य बंद, 15 दिन तक रोक – Aqi Crosses 300… 4 Construction Projects Halted, Ban Imposed For 15 Days
रेवाड़ी

Rewari News:एक्यूआई 300 पार…4 निर्माण कार्य बंद, 15 दिन तक रोक – Aqi Crosses 300… 4 Construction Projects Halted, Ban Imposed For 15 Days

November 5, 2026


रेवाड़ी। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-दो (ग्रैप) की पाबंदियां लागू होने के बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को रेवाड़ी का अधिकतम एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 310 दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक स्तर है। प्रदूषित हवा का यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। इसको गंभीरता से लेते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों ने शहर में चार निर्माण साइटों पर काम बंद करा दिया जबकि दो अन्य साइटों को नोटिस जारी किया है।

ग्रैप-2 की पाबंदियों के बाद भी एक्यूआई का बढ़ना इस बात का संकेत है कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए और प्रभावी उपाय अपनाने की जरूरत है। वायु प्रदूषण को देखते हुए 5 नवंबर से 20 नवंबर तक पूरे एनसीआर में धूल पैदा करने वाली निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। रेवाड़ी में भी यह प्रतिबंध लागू है।

सरकारी और निजी निर्माण परियोजनाओं के साथ सड़क, हाईवे, फ्लाईओवर और पाइपलाइन के कार्य भी प्रतिबंध के दायरे में आएंगे। हालांकि, अस्पताल, जलापूर्ति, स्वच्छता, रेलवे और मेट्रो जैसी आवश्यक परियोजनाओं को छूट दी गई है। प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी करेंगी।

300 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों पर लगेगी रोक

एनसीआर में निर्माण कार्यों पर 15 दिन के लिए रोक लगा दी गई है। इससे रेवाड़ी में 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रभावित होंगे। इनमें धारूहेड़ा बस स्टैंड, रेवाड़ी बस स्टैंड और बनीपुर फ्लाईओवर जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। निर्माण कार्य बंद रहने से इन परियोजनाओं की समयसीमा भी प्रभावित होने की आशंका है। आमजन को सुविधाओं के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं को छूट मिलने का प्रावधान है।

तीन सौ से पार एक्यूआई स्वास्थ्य के लिए खतरनाक

एक्यूआई का 300 के पार पहुंचना स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस स्तर पर हवा बेहद खराब श्रेणी में मानी जाती है। फिजिशियन डॉ. मनीष ने बताया कि इससे सांस लेने में परेशानी, खांसी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर इसका अधिक असर पड़ सकता है। ऐसे में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। खुले में व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां सीमित रखें तथा सांस संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

ग्रैप-2 में इन गतिविधियों पर रहेगी सख्ती

एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर ग्रैप-2 के तहत कई अतिरिक्त पाबंदियां लागू की जाती हैं। इसके तहत सड़कों की मैकेनिकल सफाई, पानी का छिड़काव और प्रदूषण वाले हॉट स्पॉट पर विशेष निगरानी रखना जरूरी है। कोयला व लकड़ी जलाने, खुले में कचरा जलाने और निर्माण मलबा फैलाने पर कार्रवाई व डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर नियंत्रण लगाया जाता है। वहीं, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और बिना पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों की जांच तेज की जाती है। औद्योगिक इकाइयों और ईंट भट्ठों की निगरानी भी बढ़ाई जाती है। हालांकि, अभी जिले में बड़े पैमाने पर निगरानी नहीं की जा रही है।

वर्जन :

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों ने नियमों का उल्लंघन कर प्रदूषण फैलाने वाली चार निर्माण साइटों पर काम बंद करवाया है, जबकि दो अन्य साइटों को नोटिस जारी किए हैं। 5 नवंबर से 20 नवंबर तक पूरे एनसीआर में धूल पैदा करने वाली बाहरी निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।- सुधीर, एसडीओ, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रेवाड़ी।-

बुधवार को कब कितना एक्यूआई

समय—-एक्यूआई

सुबह 6 बजे 310

सुबह 8 बजे 304

सुबह 10 बजे 290

दोपहर 12 बजे 275

दोपहर 2 बजे 260

दोपहर 4 बजे 255

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X