Fatehabad News:एक्यूआई 217…पराली के धुएं ने बिगाड़ी शहर की फिजा, पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में जल रही पराली का आ रहा धुआं – Aqi 217… The Smoke From Stubble Has Worsened The City’s Air, Smoke Coming From Burning Stubble In Punjab’s Border Areas
फतेहाबाद। पराली के धुएं और बदलते मौसम के बीच फतेहाबाद की आबोहवा में प्रदूषण का जहर घुलने लगा है। बुधवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 217 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में आता है। पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में लगातार पराली जलाए जाने से उठ रहा धुआं भी जिले की हवा को प्रभावित कर रहा है। इसका असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है।
नागरिक अस्पताल में आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानी वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक है। दिवाली पर पटाखों के कारण हवा और खराब होने की आशंका है।
जिले में अब तक पराली जलाने की दो घटनाएं सामने आई हैं। इनमें टोहाना के गांव समैन और जाखल क्षेत्र के मामले शामिल हैं। कृषि विभाग ने दोनों मामलों में संबंधित किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र लिखा है। विभाग ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील भी की है।
रतिया, टोहाना और जाखल की सीमाएं पंजाब के विभिन्न जिलों से लगती हैं। पंजाब के भीखी, सरदूलगढ़, मानसा, मुनक, लहरागागा, खनौरी और पातड़ा सहित कई क्षेत्रों में पराली जलाई जा रही है। इन घटनाओं से उठने वाला धुआं हवा के साथ फतेहाबाद तक पहुंच रहा है। जिले में स्थानीय स्तर पर हुई आगजनी की घटनाओं के साथ इसका असर भी प्रदूषण बढ़ा रहा है। हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से आम लोगों को भी परेशानी होने लगी है।
