Rajouri News:राजोरी में होम डेकोरेशन दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान राख – A Massive Fire Broke Out In A Home Decoration Shop In Rajouri, Burning Goods Worth Lakhs To Ashes
शहर के लोअर जवाहर नगर इलाके में बुधवार देर शाम शाॅर्ट सर्किट से भड़की आग
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी शहर के लोअर जवाहर नगर इलाके में बुधवार देर शाम एक होम डेकोरेशन की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते-ही-देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग की समय पर की गई कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो घनी आबादी वाले इस व्यावसायिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। एसएचओ राजोरी इमरान खान के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग दिया।
नुकसान और सुरक्षा की आवश्यकता:
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की तत्परता से आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। इस घटना ने बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली की वायरिंग की नियमित जांच की आवश्यकता उजागर की है। अग्नि सुरक्षा के उचित इंतजामों की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।
